विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 18, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

MP Assembly Election 2023: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से मप्र में कांग्रेस करेगी चुनाव अभियान की शुरुआत

By Jagran NewsEdited By: Sachin Kumar Mishra
Published: Tue, 18 Oct 2022 07:23 PM (IST)

MP Assembly Election 2023 राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव अभियान की ...और पढ़ें

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से मप्र में चुनाव अभियान की शुरुआत करेगी कांग्रेस। फाइल फोटो
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से मप्र में चुनाव अभियान की शुरुआत करेगी कांग्रेस। फाइल फोटो

भोपाल, जेएनएन। MP Assembly Election 2023: राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) से कांग्रेस (Congress) मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव (MP Assembly Election 2023) अभियान की शुरुआत करने जा रही है। राहुल उज्जैन में महाकाल मंदिर में दर्शन के बाद सभा को संबोधित करेंगे। यात्रा के पूर्व प्रदेशभर में सहायक यात्राएं निकाली जाएंगी, जो दीपावली के बाद प्रारंभ होंगी। प्रदेश में यात्रा पूरी होने के बाद संभाग स्तर पर सभाएं व जिलेवार कार्यकर्ता सम्मेलन होंगे। प्रदेश कांग्रेस राहुल की यात्रा के माध्यम से पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की तैयारी में है।

बुरहानपुर के इच्छापुर से मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी यात्रा

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, भारत जोड़ो यात्रा यात्रा महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश में 20 नवंबर के बाद बुरहानपुर जिले के इच्छापुर से प्रवेश करेगी। इससे पहले माहौल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस छह हजार 21 किलोमीटर की सहायक यात्राएं दीपावाली के बाद प्रारंभ कर देगी। इसमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक पदयात्रा करेंगे। गांव और कस्बों में आमजन से संवाद किया जाएगा। पार्टी ने आठ पृष्ठ की पुस्तिका भी तैयार की है, जिसे वितरित किया जाएगा। इसमें प्रदेश की भाजपा सरकार की असफलता, शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, कृषि, महंगाई, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार से संबंधित विषयों को सम्मिलित किया गया है।

उज्जैन में महाकाल दर्शन के बाद सभा करेंगे राहुल

यह भी बताया गया है कि कमल नाथ सरकार में जनहित के क्या-क्या कदम उठाए गए थे। सभी सहायक यात्राएं बुहरानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर मालवा जिले में राहुल गांधी की यात्रा में मिल जाएंगी। पार्टी इस तैयारी में है कि उज्जैन में राहुल गांधी की जो सभा होगी, उससे चुनाव अभियान की शुरुआत हो जाए। इसे दृष्टिगत रखते हुए सभा को बड़ा स्वरूप दिया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ स्वयं तैयारियों के लिए प्रतिदिन वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं।

यात्रा मार्ग का निरीक्षण करने पहुंची राहुल की टीम

भारत जोड़ो यात्रा का मध्य प्रदेश में बुरहानपुर में ही पहला रात्रि विश्राम होगा। यात्रा मार्ग का निरीक्षण करने के लिए राहुल गांधी की टीम मध्य प्रदेश पहुंच गई है। प्रदेश में यात्रा के समन्वयक पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने बताया कि बुरहानपुर, खंडवा, बड़वाह, सनावद, महू, इंदौर, उज्जैन होते हुए आगर मालवा से यह यात्रा राजस्थान में प्रवेश करेगी। प्रदेश में राहुल गांधी 16 दिन रहेंगे और 382 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे। सहायक यात्राओं के माध्यम से यात्रा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

यात्रा को लेकर कार्यकर्ता उत्साहित

21 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। प्रदेश कांग्रेस की ओर से यात्रा का कार्य देख रहे चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि यात्रा को लेकर कार्यकर्ता उत्साहित हैं। राहुल गांधी के साथ यात्रा करने के लिए अभी तक साढ़े छह हजार कार्यकर्ता पंजीयन करा चुके हैं। प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता यात्रा में सम्मिलित होंगे।

यह भी पढ़ेंः मप्र के मंदसौर में नदी में नाव पलटने से डूबी पांच महिलाएं

यह भी पढ़ेंः देश के सबसे बेहतर हवाई अड्डों में शामिल होगा ग्वालियर एयरपोर्ट: अमित शाह