पेंशनरों को बड़ी राहत: अब घर बैठे बनेगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र, बस करना होगा यह काम
पेंशनरों को अब घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा मिलेगी। डाक विभाग और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाएं।
डाक विभाग की डोरस्टेप सेवा उपलब्ध।
केवल 70 रुपये में बायोमेट्रिक सत्यापन।
अंजली तोमर, भोपाल। नवंबर आते ही पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की चिंता सताने लगती है। उम्र अधिक होने या चलने-फिरने में परेशानी के कारण कई बुजुर्गों के लिए बैंक और पेंशन कार्यालय तक पहुंचना आसान नहीं होता। ऐसे पेंशनरों को अब राहत मिलने जा रही है। डाक विभाग और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) की मदद से घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाया जा सकेगा। इसके लिए 70 रुपये शुल्क देना होगा और अलग से डोरस्टेप चार्ज नहीं लगेगा।
डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (डीएलसी) 5.0 अभियान के तहत यह सुविधा 1 से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। भोपाल संभाग में इस काम के लिए 150 पोस्टमैन और ग्रामीण डाक सेवकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस सेवा का लाभ रेलवे और राज्य सरकार के पेंशनर भी उठा सकेंगे।
फोन करते ही घर पहुंचेगा पोस्टमैन
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पेंशनर डाक विभाग की डोरस्टेप सेवा के टोल फ्री नंबर 155299 पर संपर्क कर सकते हैं। अनुरोध मिलने के 72 घंटे के भीतर पोस्टमैन या ग्रामीण डाक सेवक पेंशनर के घर पहुंचकर स्मार्टफोन और बायोमेट्रिक डिवाइस के जरिए पहचान का सत्यापन करेगा।
इस सुविधा से खासतौर पर उन बुजुर्गों को फायदा होगा, जिन्हें शारीरिक परेशानी या अन्य कारणों से घर से बाहर निकलने में दिक्कत होती है। उन्हें केवल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बैंक या संबंधित कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
प्रमाण पत्र ऑनलाइन अपडेट
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार होने के बाद इसकी जानकारी संबंधित पेंशन प्राधिकरण या बैंक के सर्वर पर ऑनलाइन अपडेट हो जाती है। ऐसे में पेंशनर को प्रमाण पत्र की प्रति लेकर बैंक या पेंशन कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी।
पेंशनर अपने प्रमाण पत्र की स्थिति जीवन प्रमाण पोर्टल पर भी देख सकते हैं। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट jeevanpramaan.gov.in पर लॉगिन करना होगा।
पेंशन रुक जाए तो क्या करें?
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बन जाने और ऑनलाइन अपडेट होने के बावजूद यदि पेंशन खाते में राशि आना बंद हो जाए, तो पेंशनर संबंधित जिला पेंशन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
पेंशनरों को सलाह है कि प्रमाण पत्र बनवाने के बाद उसकी स्थिति ऑनलाइन जरूर जांच लें। इससे रिकॉर्ड में किसी गड़बड़ी या तकनीकी समस्या का समय रहते पता चल सकेगा और पेंशन संबंधी परेशानी दूर कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकेंगे।
यह भी पढ़ें- भोपाल में भोजताल कैचमेंट के 78 से ज्यादा गांवों के किसानों का विरोध, बोले- खेती की जमीन का भू-उपयोग न बदलें
ऐसे मिलेगी सुविधा
- टोल-फ्री नंबर 155299 पर कॉल करें।
- 72 घंटे में पोस्टमैन घर पहुंचेगा।
- बायोमेट्रिक सत्यापन से प्रमाण पत्र बनेगा।
- शुल्क 70 रुपये, अतिरिक्त चार्ज नहीं।
- रेलवे और राज्य सरकार के पेंशनर भी पात्र।
जो बुजुर्ग या अन्य पेंशनर पोस्ट ऑफिस, बैंक अथवा संबंधित कार्यालय तक पहुंचने में असमर्थ हैं, उनके लिए यह सुविधा शुरू की गई है। इसके माध्यम से वे बिना लाइन में लगे और आने-जाने की परेशानी उठाए घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र बनवा सकेंगे। अभियान का उद्देश्य प्रक्रिया को सरल बनाना है।
- शिवांशु कुमार, सीनियर सुप्रिटेंडेंट ऑफ पोस्ट ऑफिस, भोपाल संभाग
