Madhya Pradesh: भोपाल में निकली बेटी की बरात, खूब नाची दुल्हन
Madhya Pradesh मगर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के संत हिरदाराम नगर में एक पिता ने बेटी की बरात निकालकर बेटा और बेटी में अंतर को समाप्त कर दिया। बरात आकर्षण का केंद्र रही। दुल्हन भी खूब नाची।
भोपाल, जेएनएन। आमतौर पर वर पक्ष ही बरात निकालता है, मगर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के संत हिरदाराम नगर में एक पिता ने बेटी की बरात निकालकर बेटा और बेटी में अंतर को समाप्त कर दिया। बरात आकर्षण का केंद्र रही। दुल्हन भी खूब नाची। संत हिरदाराम नगर में लालवानी परिवार रहता है। दो भाई-बहन के इस परिवार ने बेटी भावना की इच्छा पूरी करने के लिए समाज की परंपरा से हटकर उसकी बरात निकाली। एमसीए करने के बाद इंदौर की एक आइटी कंपनी में नौकरी करने वाली भावना की इच्छा पूरी होने पर उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बाजार से जब यह बरात निकली तो हर किसी के लिए आकर्षण का केंद्र रही। भावना की बरात करीब एक किलोमीटर तक खुली गाड़ी में निकली। इसमें बराती महिला-पुरुष गुलाबी रंग के साफा बांधे हुए थे और दुल्हन कत्थई रंग के लहंगे में सजी थी।
गाड़ी के बोनट पर दुल्हन का डांस
गाड़ी के बोनट पर दुल्हन डांस करते चल रही थी। दिल्ली वाली गर्लफ्रेंड छोड़-छाड़ के.., लैला मैं लैला..जैसी फिल्मी धुनों पर भावना ने खुली गाड़ी के बोनट पर नाचते हुए अपनी खुशी का इजहार किया। भावना ने कहा कि उनकी परिवार से यह शर्त थी कि वह तब तक शादी नहीं करेगी, जब तक उसे बरात निकालने की अनुमति नहीं देंगे। भावना ने कहा कि मेरे लिए यह दोहरी खुशी का दिन है।
इधर, सतन जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में बरात में आई नाबालिग के साथ रविवार देर रात दुष्कर्म की घटना हुई है। 13 वषर्षीय बालिका को सतना के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रामनगर थाना प्रभारी अशोक गौतम ने बताया कि रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के एक गांव से आदिवासी परिवार में बरात आई थी। यहीं पर बरातियों को रुकने के लिए भवन की व्यवस्था की गई थी। पिता के साथ आई 13 वर्षीय नाबालिग रात में सो रही थी तभी अज्ञात युवक नाबालिग को उठाकर जंगल में ले गया और दुष्कर्म किया। बालिका रोते हुए घायल अवस्था में आई और घटना की जानकारी पिता को दी। सोमवार सुबह रामपुर बाघेलान पुलिस ने बयान दर्ज कर बालिका को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है।