MP Weather: 'अकवान' के असर से मौसम की करवट, 21-22 नवंबर को छह संभागों में बारिश के आसार
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर दिखना शुरू हो गया है। ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
चक्रवाती तूफान 'अकवान' का मध्य प्रदेश पर असर।
21 और 22 नवंबर को छह संभागों में बारिश।
दिन के तापमान में गिरावट, रात में मामूली बढ़ोतरी।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय भीषण चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। इसके प्रभाव से गुरुवार से प्रदेश के आसमान पर बादलों का डेरा जमने लगेगा। वहीं, 21 और 22 नवंबर को प्रदेश के छह संभागों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। मौसम में इस बदलाव के चलते दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है, जबकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, चक्रवाती तूफान अकवान दक्षिण और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है। यह लगातार उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। 20 नवंबर की दोपहर तक इसके और ताकतवर होकर उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच पहुंचने की संभावना है। तूफान के प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश में बादलों की सक्रियता अधिक रह सकती है।
छह संभागों में बारिश की संभावना
मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला के मुताबिक, चक्रवात की मौजूदा स्थिति को देखते हुए गुरुवार से प्रदेश में बादल छाने का सिलसिला शुरू हो सकता है। इसके बाद 21 और 22 नवंबर को रीवा, जबलपुर, शहडोल, भोपाल, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, तूफान की दूरी और उसकी आगे की दिशा को देखते हुए बारिश की स्थिति में बदलाव भी हो सकता है।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी वीएस यादव ने बताया कि अकवान के प्रभाव से प्रदेश में बादल छाने लगेंगे। पूर्वी मध्य प्रदेश में बादलों का घनत्व अधिक रहने की संभावना है। फिलहाल तूफान काफी दूर है, इसलिए इसके कारण होने वाली बारिश को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
उमरिया में सबसे सर्द रही रात
मौसम में संभावित बदलाव के बीच प्रदेश में रात की ठंड का असर भी बरकरार है। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात उमरिया में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। रीवा में 9.4, जबलपुर में 9.8 और भोपाल में 9.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।
यह भी पढ़ें- चक्रवात 'अकवान' के असर से बदलेगा MP का मौसम, दो दिन बाद कुछ जिलों में बारिश के आसार
वहीं, बुधवार को दिन के तापमान में खंडवा सबसे आगे रहा। यहां अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, चक्रवाती तूफान अकवान के अलावा पाकिस्तान के आसपास एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में सक्रिय है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बादलों की आवाजाही के चलते गुरुवार से दिन के तापमान में कुछ कमी आ सकती है। वहीं, रात में बादलों के कारण न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।