Move to Jagran APP

Satna News: 2 कांग्रेस विधायकों पर ट्रेन में महिला से बदसलूकी का आरोप, पति ने ट्वीट कर मांगी मदद, FIR दर्ज

महिला अपने बेटे के साथ रेवांचल एक्सप्रेस के एसी-1 कोच में सफर कर रही थी। महिला के पति ने रेलमंत्री पीएमओ जबलपुर और भोपाल डीआरएम को ट्वीट कर मदद मांगी। तब सागर जीआरपी के सिपाही महिला तक पहुंचे और उसे दूसरी सीट पर बैठाया।

By Jagran NewsEdited By: Umesh KumarPublished: Sat, 08 Oct 2022 01:18 AM (IST)Updated: Sat, 08 Oct 2022 01:18 AM (IST)
Satna News: 2 कांग्रेस विधायकों पर ट्रेन में महिला से बदसलूकी का आरोप, पति ने ट्वीट कर मांगी मदद, FIR दर्ज
कांग्रेस विधायकों पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज।

सतना, जेएनएन। मध्य प्रदेश के सतना से कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और अनूपपुर जिले के कोतमा से कांग्रेस विधायक सुनील सराफ पर महिला ने बदसलूकी और छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। आरोप है कि दोनों विधायकों ने नशे में धुत होकर महिला से छेड़छाड़ की।

loksabha election banner

महिला अपने बेटे के साथ रेवांचल एक्सप्रेस के एसी-1 कोच में सफर कर रही थी। महिला के पति ने रेलमंत्री, पीएमओ, जबलपुर और भोपाल डीआरएम को ट्वीट कर मदद मांगी। तब सागर जीआरपी के सिपाही महिला तक पहुंचे और उसे दूसरी सीट पर बैठाया। सागर जीआरपी ने दोनों विधायकों के खिलाफ छेड़छाड़ और रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।

रेवांचल एक्सप्रेस में कर रही थी सफर

रीवा निवासी 30 वर्षीय महिला ने जीआरपी को बताया कि गुरवार को वह रेवांचल एक्सप्रेस में रीवा से सवार हुई थी। उसे भोपाल आना था। रात में सुनील सराफ और सिद्धार्थ कुशवाहा ने बगल वाली सीट पर खाना खाया और फिर गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने उसे कंधे को छूकर जगाया। दोनों नशे की हालत में बुरी नीयत से देख रहे थे और अनर्गल बातें कर रहे थे।

सागर रेलवे स्टेशन पर आए जीआरपी

महिला ने पति को फोन कर घटना की जानकारी दी। सागर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के जवान आए। उसे दूसरी सीट पर शिफ्ट कर दिया गया। महिला का आरोप है कि उसकी शिकायत के बावजूद दोनों विधायकों पर तो कोई कार्रवाई नहीं की गई, उसकी सीट जरूर बदल दी गई।

बताया जाता है कि सिद्धार्थ कुशवाहा सतना से ट्रेन में सवार हुए थे। जिस सीट पर महिला बैठी थी। वह सिद्धार्थ की थी। महिला ने बच्चा होने की वजह से सिद्धार्थ से अनुरोध किया कि वह अपनी सीट उसे दे दें। सिद्धार्थ राजी हो गए। कटनी में सुनील सराफ भी इसी कोच में सवार हुए थे। महिला के पति के ट्वीट के बाद सागर में जीआरपी के जवान महिला तक पहुंचे। बीना में महिला पुलिस अधिकारी ट्रेन में पहुंचीं और भोपाल तक उसके साथ ही रहीं। सागर जीआरपी थाना प्रभारी पीके अहिरवार ने बताया कि महिला के बयान लिए गए और चलित एफआइआर दर्ज की गई है।

महिला के पति का पहला ट्वीट

मेरी पत्नी बच्चे के साथ यात्रा कर रही है। वहां दो अन्य यात्री शराब पीकर उससे अभद्रता कर रहे हैं, आपसे प्रार्थना है कि उसे तुरंत मदद दिलवाएं।

दो घंटे बाद दूसरा ट्वीट

पत्नी की सीट बदल दी गई है। अब तक दोनों यात्रियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। दोनों को ट्रेन से यात्रा करने दी जा रही है।

विधायकों ने दी सफाई

सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने कहा कि महिला उनकी सीट पर लेटी थी। उनसे सीट छोड़ने को कहा गया तो वे अभद्रता पर उतर आई। उनके आरोप बेबुनियाद है।

कोतमा विधायकर सुनील सराफ ने कहा कि 'मुझ पर लगाए जा रहे सभी आरोप बेबुनियाद हैं। रिपोर्ट में मेरी विधानसभा, उम्र तक लिखी गई है। यह सब साजिश है। मैंने तो पुलिस से मेडिकल भी कराने को कहा था।' 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.