विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 13, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

MP NEWS: कांग्रेस नेता को 14 दिनों के लिए भेजा गया जेल, पीएम मोदी पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी

By Jagran NewsEdited By: Manish Negi
Published: Tue, 13 Dec 2022 07:51 AM (IST)Updated: Tue, 13 Dec 2022 02:26 PM (IST)

मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता राजा पटेरिया की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में अदालत ने राजा पटेरिया की जमानत अर्जी खारिज कर दी। पटेरिया को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

कांग्रेस नेता राजा पटेरिया को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कांग्रेस नेता राजा पटेरिया को पुलिस ने किया गिरफ्तार

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले कांग्रेस नेता राजा पटेरिया को झटका लगा है। कोर्ट ने राजा पटेरिया की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। साथ ही उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पटेरिया को दमोह जिले के हटा से पन्ना पुलिस ने सुबह सात बजे गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां उनकी जमानत अर्जी खारिज कर दी गई।

कांग्रेस ने भेजा नोटिस

उधर, प्रदेश कांग्रेस ने पटेरिया को नोटिस दिया है। संगठन ने उनके बयान को आपत्तिजनक और निंदनीय माना है। नोटिस का उत्तर उन्हें तीन दिन में देने के लिए कहा है। यदि वे उत्तर नहीं देते हैं या वह संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो उनकी प्राथमिक सदस्यता समाप्त की जा सकती है।

हमलावर हुई भाजपा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस के असली भाव प्रकट हो गए, लेकिन ऐसी चीजों को सहन नहीं किया जाएगा। कानून अपना काम करेगा। मोदी जी जनता के दिलों में बसते हैं। संपूर्ण देश की श्रद्धा और आस्था के केंद्र हैं। कांग्रेस के लोग मैदान में उनसे मुकाबला नहीं कर पाते हैं, इसलिए कांग्रेस के एक नेता मोदी जी की हत्या की बात कर रहे हैं। ये विद्वेष की पराकाष्ठा है, घृणा की अति है।

माफी मांगे कांग्रेस नेतृत्व- BJP

वहीं, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कांग्रेस नेतृत्व से इस बयान के लिए माफी मांगने की मांग की। केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि कांग्रेस का मोदी को गाली देने का इतिहास रहा है। पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उन्हें मौत का सौदागर कहा था, जबकि वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उनकी तुलना रावण से की थी। यह टिप्पणी हत्याओं की राजनीति को उजागर करती है, जो कांग्रेस शासन में फली-फूली थी।

'मोदी की हत्या करने को तत्पर रहो'

गौरतलब है कि राजा पटेरिया कार्यकर्ताओं से यह कहते हुए नजर आए कि अगर संविधान बचाना है तो मोदी की हत्या करने को तत्पर रहो। इस वीडियो को भाजपा नेता राजपाल सिह सिसौदिया ने सोमवार को ट्विटर पर पोस्ट किया था। बयान पर हंगामा मचने के बाद पन्ना के पवई थाने और जबलपुर के ओमती थाने में पटेरिया के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया। पवई थाने में पटेरिया के खिलाफ लोक शांति भंग करने के लिए प्रेरित करने, उकसाने और धमकाने सहित कई अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया। बता दें कि पटेरिया ने यह बात पवई के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक कही थी।

पटेरिया ने दी सफाई

पटेरिया ने वीडियो जारी कर सफाई देते हुए कहा कि उनकी बात का गलत अर्थ निकाला गया है। उन्होंने कहा कि हमारा आशय मोदी को हराने से था। इससे पहले मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने पटेरिया के बयान को निदनीय बताते हुए पन्ना पुलिस अधीक्षक को एफआइआर करने के निर्देश दिए थे।

ये भी पढ़ें:

वेंटिलेटर जल्दी मिलने से बचे कोविड के मरीज, कम उम्र और अन्य बीमारी न होना रहा बड़ा फैक्टरः एम्स भोपाल की स्टडी

Fact Check: रतन टाटा के जन्मदिन पर टाटा कंपनी नहीं दे रही है मुफ्त रिचार्ज का ऑफर, लिंक पर क्लिक ना करें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।