विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Naidunia Forum: सिंचाई से लेकर लाड़ली बहना योजना तक... CM शिवराज ने गिनाईं राज्य सरकार की उपलब्धियां

By Jagran NewsEdited By: Manish Negi
Published: Tue, 03 Oct 2023 01:35 PM (IST)

Naidunia Navdunia Forum नईदुनिया नवदुनिया फोरम में मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य में बुनियादी ...और पढ़ें

CM शिवराज सिंह चौहान ने राज्य सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया (जागरण ग्राफिक्स)
CM शिवराज सिंह चौहान ने राज्य सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया (जागरण ग्राफिक्स)

Naidunia Navdunia Forum: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नईदुनिया नवदुनिया फोरम कार्यक्रम में पहुंचे। सीएम ने दीप प्रज्ज्वलित किया, जिसके बाद कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। सीएम शिवराज ने कार्यक्रम के मंच से मौजूद लोगों को संबोधित भी किया। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।

सीएम ने जागरण नवदुनिया की टीम को धन्यवाद भी कहा। उन्होंने कहा कि जागरण ऐसा समूह है जो खबरें ही नहीं देता। ऐसे कार्य करता है जिससे जनता जागरूक होती है। आज हमारे पास पैसे की कमी नहीं है।

एमपी में सिंचाई व्यवस्था बेहतर

सीएम शिवराज ने कहा कि हम बहुत तेजी से आगे बढ़ेंगे। एमपी में बुनियादी सुविधाएं पुख्ता की जा रही हैं। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने सिंचाई की बेहतर व्यवस्था की है, जिसके चलते काफी परिवर्तन आ गया है। आज अनाज का उत्पादन 6 करोड़ मीट्रिक टन है। मध्य प्रदेश के फसल उत्पादन में वृद्धि हुई है। अर्थव्यवस्था गतिमान हो गई है।

एमपी में आज 47 लाख हेक्टेयर में सिंचाई कर रहे हैं। हमने गेहूं के उत्पादन में पंजाब को पीछे छोड़ा है। आज हमारे पास 5 हजार किलोमीटर तक शानदार सड़कें हैं। मध्य प्रदेश में नक्सलियों का खात्मा किया है। सिमी का नेटवर्क ध्वस्त कर दिया।

सीएम ने गिनाईं राइज स्कूल की खूबियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम राइज स्कूल मध्य प्रदेश की धरती पर बन रहे हैं। इन स्कूलों में बस सुविधा, प्रयोगशाला, शिक्षण व्यवस्था अंतरराष्ट्रीय मापदंडों के अनुसार शिक्षा देने का काम किया जाएगा। हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में मध्य प्रदेश शासन चमत्कार कर रहा है। रीवा, जबलपुर अब कस्बा नहीं, यहां बहुत तेज विकास किया जा रहा है। मेरे पास पैसा है इसलिए मैं खर्च करता हूं। सीएम ने कहा कि बालाघाट में मेडिकल कॉलेज खुलेगा।

दुनिया की सबसे बड़ी योजना लाड़ली बहना

शिवराज सिंह ने ये भी कहा कि विकास के जितने मापदंड होते हैं, मध्य प्रदेश में उसमें तेजी से काम किया है। केवल विकास ही नहीं, बल्कि जन कल्याण की भावना के साथ कार्य किया जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि लाड़ली बहना योजना दुनिया की सबसे बड़ी योजना है। लाड़ली बहना योजना के कारण बहनों का सम्मान बढ़ा है। 1 करोड़ 32 लाख बहनों का सम्मान बढ़ाने का काम किया गया है। तीन लाख बच्चों को हर महीने स्वरोजगार से जोड़ा गया है। एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। महिलाओं को शिक्षक भर्ती में 50% आरक्षण दिया गया है।

उज्जैन की अर्थव्यवस्था बदल गई

शिवराज सिंह ने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य के लोगों की जिंदगी को बेहतर बनाने का काम किया है। महाकाल लोक में सामान्य दिनों में 2 से 3 लाख लोग जाते हैं। हमने उज्जैन की पूरी अर्थव्यवस्था बदल दी है। हम हनुमान लोक देवी लोक सहित अन्य बड़े कार्य कर रहे हैं। देवी लोक बनाया जा रहा है।

शिवराज ने कहा कि संत रविदास जी का विशाल मंदिर बनाया जा रहा है। रानी दुर्गावती के योगदान पर स्मारक बनाया जा रहा है। श्रद्धा और आस्था का विकास भी कर रहे हैं, ताकि हमारी संस्कृति के विकास का प्रभाव हमारी अगली पीढ़ी तक पहुंचे। ये गर्व की बात है कि हमारी सरकार में भीमा नायक टंट्या मामा जैसे बलिदानी का सम्मान बरकरार रखा है।

नईदुनिया के सवाल, सीएम के जवाब

संबोधन के बाद सीएम शिवराज ने नईदुनिया के संपादक सद्गुरु शरण अवस्‍थी के प्रश्‍नों का उत्‍तर दिया। उन्‍होंने कहा कि नर्मदा जी शिप्रा में आई, जिसे दिग्विजय सिंह ने असंभव बताया था। हम गरीब और किसानों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देंगे। हमने हमीदिया अस्पताल को बेहतर किया है। बहनों की आय लगभग 10 हजार महीना हो। शिक्षा के क्षेत्र में सीएम राइज स्कूल हमारा विजन है, इसलिए अभी 370 सीएम राइज स्कूल बने हैं। 9 हजार सीएम राइज स्कूल बनाएंगे और गरीब बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के बच्चे उद्योग लगाने में आगे बढ़ रहे हैं। हम लघु कुटीर उद्योग को बढ़ावा देंगे। बहन और बेटी के साथ कोई राजनीतिक रिश्ता हो ही नहीं सकता। मैं अंतरात्मा से कह रहा हूं।