CM मोहन की अफसरों को दोटूक: मैदान में उतरकर करें समस्याओं का निराकरण, अब बिना बताए किसी भी जिले में पहुंचूंगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को जन विश्वास अभियान के तहत समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए हैं। ...और पढ़ें

अधिकारियोुं के साथ बैठक करते सीएम डॉ. मोहन यादव। (सौजन्य- जनसंपर्क विभाग)
HighLights
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जन समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।
सीएम हेल्प लाइन व स्वामित्व योजना की लंबित शिकायतों पर नाराजगी।
अल्प वर्षा वाले जिलों को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान समस्याओं के निराकरण के लिए प्रारंभ किया गया है। यह हमारी प्राथमिकता में है। सभी अधिकारियों को मैदान में जाना ही है। इसमें कोई लापरवाही न बरतें। मैं अब बिना सूचना दिए आकस्मिक रूप से किसी भी जिले में उतरकर जनविश्वास अभियान में शामिल हो जाऊंगा। जिन जिलों में जनसमस्याओं की लंबित स्थिति है, वहां कलेक्टर विशेष प्रयास करें।
यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को कलेक्टर-कमिश्नर, आइजी-एसपी की वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक में कही। वहीं, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने अभियान में कुछ कलेक्टरों द्वारा गंभीरता से काम न करने पर आपत्ति जताई।
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतें निपटाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्प लाइन में राजस्व, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, पीएचइ की सर्वाधिक शिकायतें लंबित हैं। इसमें सुधार लाएं। स्वामित्व योजना के तहत निश्शुल्क रजिस्ट्री के अभियान की समीक्षा में शून्य प्रगति वाले हल्कों की जानकारी मिलने पर रीवा, शहडोल एवं धार कलेक्टर के प्रति नाराजगी जताते हुए सुधार करने के निर्देश दिए।
वहीं, मुख्य सचिव बर्णवाल ने कहा कि जहां काम शुरू नहीं हुआ है, वहां प्रारंभ कराएं। इसमें लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। योजना में 49 लाख 48 हजार 980 भूखंड की निश्शुल्क रजिस्ट्री के लक्ष्य के विरुद्ध एक लाख 60 हजार 230 हुई हैं।
अल्प वर्षा की स्थिति से निपटने को बनाएं कार्ययोजना
प्रदेश के आलीराजपुर, धार, झाबुआ, रतलाम, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, इंदौर, उज्जैन, पाढुर्णा, शाजापुर, छिंदवाड़ा जिले में अल्प वर्षा की स्थिति को देखते हुए संबंधित कलेक्टरों को खेती-किसानी, पेयजल, सिंचाई एवं अन्य प्रबंधन के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का काम दीपावली से पहले पूरा कराएं। इसमें नगरीय निकायों के अपूर्ण कामों को भी शामिल किया जाए।
यह भी पढ़ें- MP में खाद लेने के नियम बदले: Farmer ID नहीं तो टोकन नहीं, जानिए क्या करें किसान
स्थापना दिवस समारोह में मोनाली ठाकुर देंगी प्रस्तुति
बैठक में बताया गया कि एक नवंबर 2026 को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में मध्य प्रदेश का स्थापना दिवस समारोह मनाया जाएगा। इसमें गायिका मोनाली ठाकुर प्रस्तुति देंगी। वहीं, गोवर्धन पूजा के अवसर पर प्रदेश के 208 वृंदावन ग्रामों के पशुपालकों की प्रतियोगिता होगी। इसमें विजेताओं को एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
