जबलपुर बरगी क्रूज हादसा: सीएम मोहन यादव ने किया दौरा, पीएम मोदी ने की मुआवजे की घोषणा
जबलपुर के बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ...और पढ़ें

क्रूज को पानी से बाहर निकाला गया।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। जबलपुर के बरगी बांध में गुरुवारर शाम हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 18 को बचा लिया गया। चार लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बरगी डैम पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह समेत कुछ अन्य जनप्रतिनिधि व प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम मृतकों के परिजनों से मुलाकात का भी है। वे साउथ सिविल लाइन स्थित भसीन रेजीडेंसी में मृतक सैयद हुसैन के घर जाएंगे, इसके बाद कोतवाली दरहाई रोड पर मृतका नीतू सोनी के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाएंगे। 
पीएम ने किया मुआवजे का ऐलान
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।

यह दुर्घटना सरकारी लापरवाही का परिणाम : सिंघार
शुक्रवार दोपहर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बरगी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकारी लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है। जिम्मेदारी तय हो। आपराधिक प्रकरण दर्ज हो। उन्होंने कहा कि सरकार अपने अधिकारियों को बचाना चाहती है या जो केरल से दिल्ली से पर्यटक आए हैं, उन्हें बचाना चाहती है। सरकार देर से जागती है। क्या 24 घंटे में मृतक परिवारों को न्याय मिलेगा, सरकार बताए।
आंधी में डूब गया था क्रूज
गौरतलब है कि जबलपुर जिले में स्थित बरगी बांध में गुरुवार शाम तेज आंधी के बीच पर्यटकों से भरा एक क्रूज खमरिया टापू के पास असंतुलित होकर डूब गया था। इस क्रूज में कुल 31 लोग (2 स्टाफ और 29 पर्यटक) सवार थे, जिनमें से 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 को सुरक्षित बचा लिया गया।
यह भी पढ़ें- मां ने बच्चे को कसकर पकड़ रखा था... गोताखोरों ने क्रूज के अंदर से बरामद किया महिला का शव, भावुक हुए लोग
रेस्क्यू में मौसम बना बाधा
घटना के तुरंत बाद बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। खराब मौसम और अंधेरे के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आईं। रात करीब 9 बजे एक युवक के क्रूज में फंसे होने की सूचना पर सेना की मदद ली गई, जिसके बाद साढ़े 10 बजे सेना की टीम मौके पर पहुंची और अभियान तेज किया गया। गुरुवार सुबह फिर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
