सागर जहरीली शराब कांड पर CM मोहन का सख्त एक्शन: न्यायिक जांच के आदेश, इरशाद वली होंगे नए IG
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों पर न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। ...और पढ़ें

सागर में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों संग बैठक करते सीएम मोहन यादव।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने पूरे घटनाक्रम की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को लापरवाही और अनियमितता के मामलों में जीरो टालरेंस की नीति अपनाते हुए जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव किए हैं। पुलिस मुख्यालय में पदस्थ इरशाद वली को सागर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, नवनियुक्त संभागायुक्त दिलीप कुमार ने भी अपना कार्यभार संभाल लिया है।
दुबई से लौटते ही पहुंचे सागर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दुबई दौरे से स्वदेश लौटने के बाद दिल्ली से सीधे सागर पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक कर पूरे मामले की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी दोषी को किसी भी स्तर पर बख्शा न जाए। उन्होंने अधिकारियों से लापरवाही और अनियमितता के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने को कहा।
भोपाल लौटते ही न्यायिक जांच का आदेश
सागर दौरे के बाद भोपाल लौटने पर मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने के आदेश जारी किए। इसका उद्देश्य घटना की निष्पक्ष जांच कराना और पूरे प्रकरण से जुड़े तथ्यों के साथ जिम्मेदार लोगों की स्पष्ट पहचान करना है।
यह भी पढ़ें- सागर पहुंचे CM मोहन यादव, BMC में जहरीली शराब पीड़ितों से मिले; बोले- दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी कि याद रखेंगे
सागर को मिला नया IG
सागर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश शुक्ला 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनके स्थान पर पुलिस मुख्यालय में पदस्थ इरशाद वली को सागर रेंज का नया IG नियुक्त किया गया है।
वहीं, नवनियुक्त संभागायुक्त दिलीप कुमार ने भी पदभार ग्रहण कर लिया है। जहरीली शराब कांड के बाद प्रशासनिक स्तर पर किए गए इन बदलावों को मामले में जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
नशामुक्ति अभियान चलाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जिले में नशा मुक्ति अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल दोषियों पर कार्रवाई ही नहीं, बल्कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नशे के खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान चलाना भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद अब जहरीली शराब कांड की जांच, दोषियों की जवाबदेही और प्रशासनिक कार्रवाई पर सबकी नजर रहेगी।
