सागर पहुंचे CM मोहन यादव, BMC में जहरीली शराब पीड़ितों से मिले; बोले- दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी कि याद रखेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई से लौटकर सागर में जहरीली शराब पीड़ितों से मुलाकात की और उनके बेहतर इलाज ...और पढ़ें

सीएम डॉ. मोहन यादव ने अस्पताल में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना।
HighLights
सीएम मोहन यादव ने सागर में जहरीली शराब पीड़ितों से मुलाकात की।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए।
अवैध शराब का नेटवर्क तोड़ने पड़ोसी राज्य की पुलिस से बनाएंगे समन्वय।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। दुबई प्रवास से लौटते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार शाम जहरीली शराब के कहर से कराह रहे सागर पहुंचे। उन्होंने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर ढाढस बंधाया। अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि इस मामले में आरोपितों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया जाएगा। दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी कि दूसरा कोई ऐसा करने का दुस्साहस नहीं करेगा। इसके लिए प्रशासन को फ्रीहैंड दे दिया है।
मीडिया से चर्चा में डॉ. मोहन यादव ने बताया कि आरोपितों पर लगाई गई धाराओं में फांसी तक की सजा का प्रविधान है। प्रदेश की सीमा से लगे क्षेत्रों में संबंधित राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई की जाएगी। शराब वैध हो या अवैध, दोनों ही स्थिति में नुकसानदायक है। राज्य सरकार, प्रशासन और सामाजिक संगठनों के सहयोग से नशा मुक्ति अभियान चलाएगी।
यह भी पढ़ें- सागर शराब कांड में 28वीं मौत, 150 से ज्यादा अस्पताल में; संदिग्ध शराब को पहले मिल चुकी थी ‘क्लीनचिट’
कांग्रेस के आरोपों से जुड़े प्रश्न पर डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में इस तरह के मामलों में कठोर कानून ही नहीं थे। उन्हें ऐसे संवेदनशील मामले में राजनीति करने के बजाय मिलकर काम करना चाहिए।
सीमावर्ती राज्यों की पुलिस से बनाएंगे समन्वय
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहरीली और अवैध शराब के नेटवर्क पर कार्रवाई के लिए राज्य की सीमाओं से लगे इलाकों की पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाया जाएगा। दूसरे राज्यों से जुड़े शराब कारोबार और तस्करी पर भी संयुक्त रूप से कार्रवाई की जाएगी।
करीब 1.10 घंटा सागर में रहे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शाम 5.18 बजे सागर पहुंचने के बाद सीधे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज गए। यहां उन्होंने वार्ड में जाकर जहरीली शराब पीने से बीमार हुए मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। फिर डीन कार्यालय में ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से मामले की अब तक की स्थिति और की गई कार्रवाई की जानकारी ली। स्थिति की समीक्षा कर और आवश्यक दिशा-निर्देश देने के बाद मुख्यमंत्री शाम 6:28 बजे भोपाल के लिए रवाना हो गए।
लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश
अधिकारियों के साथ बैठक में डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस कांड के लिए नीचे से लेकर ऊपर तक जो भी अधिकारी-कर्मचारी जिम्मेदार है, उनकी भूमिका की गंभीरता से जांच हो और किसी दोषी को बख्शा नहीं जाए। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, लेकिन किसी निर्दोष व्यक्ति को नहीं फंसाया जाए। उन्होंने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए।
आरोपितों के मकानों की नपती हुई
मामले में प्रशासन द्वारा आरोपितों के मकानों व अन्य निर्माण की नपती की जा रही है। ताकि अवैध निर्माण मिले तो उसे ढहाया जा सके। नगर परिषद बंडा व अन्य स्थानीय अधिकारी इस कार्य में लगे हैं। मंगलवार को ततरवारा निवासी आरोपित चंद्र भान उर्फ चंदू सिंह राजपूत के मकान की मार्किंग की गई थी। बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में आरोपित मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर के मकान की नपती हुई है। इनको नोटिस भी दिया गया है।
