विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल में छात्रों से CM मोहन ने पूछा- क्या पाकिस्तान भारत में बम फोड़ने आ सकता है? स्टूडेंट्स के जवाब के बाद गूंज उठी तालियां

Published: Tue, 27 Oct 2026 11:23 PM (IST)

ओरिएंटल कॉलेज में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ युवा संवाद-2026 में राष्ट्रीय सुरक्षा से लेकर वोटर लिस्ट तक पर हुई चर्चा। 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाएगी सरकार।

विद्यार्थियों से संवाद करते सीएम मोहन यादव।

विद्यार्थियों से संवाद करते सीएम मोहन यादव।

HighLights

  1. सीएम ने छात्रों से राष्ट्रीय सुरक्षा पर संवाद किया।

  2. 2027 को मध्य प्रदेश में 'युवा वर्ष' मनाएगी सरकार।

  3. एमपीपीएससी परीक्षा साल में दो बार आयोजित होगी।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल के ओरिएंटल कॉलेज में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ युवा संवाद-2026’ में विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। राष्ट्रीय सुरक्षा पर चर्चा के दौरान उन्होंने छात्रों से सवाल किया कि क्या पाकिस्तान भारत में बम फोड़ने आ सकता है? विद्यार्थियों ने जवाब दिया—नहीं। इसके बाद मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में जोरदार तालियां बजाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा, लोकतंत्र, मतदान प्रक्रिया और देश के विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। विद्यार्थियों ने इस दौरान हनुमान चालीसा की सांगीतिक प्रस्तुति भी दी।

2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाएगी सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के सम्मान, रोजगार और बेहतर भविष्य के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। सरकार वर्ष 2027 को प्रदेश में ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाएगी, ताकि युवाओं की भागीदारी और उनके विकास से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाया जा सके।

2047 तक भारत को शक्तिशाली और समृद्ध बनाने का लक्ष्य

डॉ. यादव ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण और नए संसद भवन का निर्माण देश के विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। उन्होंने भारतीय पासपोर्ट के बढ़ते महत्व का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक भारत दुनिया के शक्तिशाली, समृद्ध और हर क्षेत्र में अग्रणी देशों में शामिल होगा।

मतदाता सूची की शुद्धता पर भी हुई चर्चा

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से पूछा कि मतदाता सूची सही होनी चाहिए या नहीं और मतदान करने वाला व्यक्ति जीवित होना चाहिए या मृत। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता सूची की शुद्धता महत्वपूर्ण है। इसके लिए चुनाव आयोग विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) सहित विभिन्न प्रक्रियाओं के माध्यम से सूची को दुरुस्त करने का काम करता है। उन्होंने मतदान के अधिकार और चुनाव प्रक्रिया में आयोग की भूमिका पर भी चर्चा की।

यह भी पढ़ें- साइबर ठग दे रहे चकमा, मुख्य आरोपित जामताड़ा का, खाताधारक बिहार का और खाते केरल व तेलंगाना में

खेलों में प्रदेश के प्रदर्शन का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने खेलों में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि एशियन गेम्स में प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल 11 पदक जीते, जिनमें पांच स्वर्ण पदक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को अवसर देने के लिए प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री कृष्णा गौर, भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यति, ओरिएंटल कॉलेज के अध्यक्ष प्रवीण ठकराल, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।