सीएम डॉ. मोहन यादव ने समाधान ऑनलाइन में सुनी आवेदकों की समस्याएं, निराकरण के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास में 'समाधान ऑनलाइन' कार्यक्रम में आवेदकों की समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही पर अधिकारियों को निलंबित किया, वित्तीय सहायता की घोषणा की और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता पर जोर दिया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को देवास में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में शामिल होकर आवेदकों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने आवेदकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कार्यक्रम के दौरान आवेदक की समस्या का त्वरित समाधान नहीं करने और इससे संबंधित प्रकरण की नस्ती प्रस्तुत नहीं कर पाने और समस्या के समाधान के प्रति उदासीनता बरतने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए देवास के महाप्रबंधक उद्योग रतन सिंह डावर को निलंबित करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समाधान ऑन लाइन कार्यक्रम में देवास की आवेदिका सलोनी सिसोदिया से चर्चा कर समस्याएं सुनी और लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति का भुगतान प्राप्त नहीं होने, सलोनी की छात्रवृत्ति अन्य खाते में जमा हो जाने तथा पर्यवेक्षक द्वारा फॉलोअप नहीं कर सलोनी के खाते में छात्रवृत्ति जमा नहीं करवाने पर महिला एवं बाल विकास विभाग की संबंधित पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सैनिक स्व. पवन यादव के परिवार को दस लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान और सहयोग शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने सैनिक के परिजनों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रकरण का आवश्यक परीक्षण करवा कर सरकार द्वारा सैनिक को शहीद का दर्जा प्रदान करने पर विचार किया जा रहा है।
वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह को 50 हजार की सहायता
वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह को फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की समस्या सामने आने पर मुख्यमंत्री ने किसान को 50 हजार रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को राशि के भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। समाधान ऑनलाइन में मुख्यमंत्री ने देवास जिले के करण देवड़ा, नीरज दुबे, कुमारी सलोनी सिसोदिया हरेंद्र पांचाल और आवेदक लाल सिंह पिता रतनलाल से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी और उनका तत्परता पूर्वक निराकरण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवास के सुरेश मालवीय की नल जल योजना की शिकायत पर लापरवाही बरतने पर संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपए पैनल्टी लगाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।