विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के वार्मर में लगी आग, एक नवजात की मौत; दो गंभीर रूप से झुलसे

Published: Sat, 22 Aug 2026 11:29 PM (GMT+05:30)

छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के एसएनसीयू में वार्मर मशीन में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से तीन नवजात झुलस गए, जिनमें से एक की मौत हो गई।

अस्पताल के वार्मर में लगी आग (सोशल मीडिया)

अस्पताल के वार्मर में लगी आग (सोशल मीडिया)

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा स्थित जिला अस्पताल की नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एसएनसीयू) में शुक्रवार रात करीब पौने दो बजे नवजातों की देखभाल के लिए लगाई गई वार्मर मशीन में शार्ट सर्किट से आग लग गई।

धधकती आग में वार्मर मशीन में रखे तीन शिशु बुरी तरह झुलस गए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों नवजातों को अति गंभीर स्थिति में जबलपुर मेडिकल कालेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान एक दिन की नवजात की मौत हो गई। दो शिशुओं का जबलपुर मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। हादसे के समय अस्पताल में 30 बच्चों का उपचार चल रहा था।

जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. कंचन दुबे ने बताया कि जन्म के बाद नवजात बच्चों के शरीर का तापमान सामान्य बनाए रखने और उन्हें सघन चिकित्सीय देखभाल के लिए वार्मर मशीन पर रखा गया था।

देर रात वार्मर मशीन की हीटिंग यूनिट के फिलामेंट में अचानक स्पार्किंग हुई, जिससे मशीन में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वार्मर पर मौजूद तीनों नवजात चपेट में आ गए। आग लगते ही वार्ड में धुएं का गुबार भर गया और अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। ड्यूटी पर तैनात अस्पताल स्टाफ और डाक्टरों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया और झुलसे हुए तीनों नवजात को जलते वार्मर से बाहर निकाला।

30 अन्य नवजातों को दूसरी यूनिट में किया शिफ्ट

वार्ड में भर्ती अन्य 30 नवजातों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरी यूनिट में शिफ्ट किया गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी व विशेषज्ञ वार्ड में पहुंचे। विशेषज्ञों ने प्राथमिक उपचार कर जबलपुर रेफर कर दिया। अत्यधिक झुलस जाने के कारण आदित्य वर्मा और शिवानी वर्मा की नवजात पुत्री की मौत हो गई।

जबलपुर मेडिकल कालेज के डीन डा. नवनीत सक्सेना ने बताया कि दोनों नवजातों का आइसीयू में उपचार किया जा रहा है। दोनों बच्चे 20 प्रतिशत जले हैं। स्पेशल केयर न्यू बोर्न यूनिट में प्रत्येक वार्मर की नियमित जांच जरूरी है। एक निश्चित समय पर नियमित रूप से इलेक्ट्रिक आडिट कराया जाना चाहिए।

यदि किसी कारण से वार्मर में कोई तकनीक समस्या है तो तुरंत एनएचएम भोपाल को सूचित करने का नियम है। अनेक बार खासकर इस मौसम में सीपेज के कारण शार्ट सर्किट की संभावना बनी रहती है, अत: वोल्टेज घटने व बढ़ने से निपटना तत्काल जरूरी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।