विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 10, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

विदिशा में दिनदहाड़े घर में घुसकर बीजेपी नेता की पत्नी की हत्या, हमलावर ने कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट

Published: Mon, 10 Mar 2025 04:56 PM (GMT+05:30)

मध्य प्रदेश के विदिशा में बदमाशों ने बीजेपी नेता की पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पूरी घटना जिले ...और पढ़ें

विदिशा में दिनदहाड़े घर में घुसकर बीजेपी नेता की पत्नी की हत्या। (सांकेतिक तस्वीर)
विदिशा में दिनदहाड़े घर में घुसकर बीजेपी नेता की पत्नी की हत्या। (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. एमपी के विदिशा में बीजेपी नेता की पत्नी की हत्या।
  2. दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में मचा हड़कंप।

जेएनएन, विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां पर एक अज्ञात हमलावर ने बीजेपी नेता और पूर्व सरपंज रामविलास ठाकुर की पत्नी रानी ठाकुर की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम जेतपुरा की है।

पूरी घटना सोमवार दोपहर 12 से एक बजे के बीच की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रामविलास ठाकुर सुबह के समय खेत गए हुए थे। जब वह वापस घर को लौटे तो उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी खून से लथपथ पड़ी थीं।

मौके पर पहुंची पुलिस

इस घटना के तुरंत बाद उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) डॉ. प्रशांत चौबे मौके पर पहुंचे। इस पूरी घटना पर एएसपी चौबे ने कहा कि घटना के समय घर में रामविलास की 22 वर्षीय बेटी भी मौजूद थी। इस वारदात से केवल 10 मिनट पहले वे नहाने के लिए बाथरूम गई थीं। ठीक इसी समय हमलावर ने हमला कर रानी ठाकुर की हत्या कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कुल्हाड़ी बरामद की है।

बीजेपी नेता की दूसरी पत्नी थी मृतका

जानकारी दें कि मृतका रानी ठाकुर, रामविलास ठाकुर की दूसरी पत्नी थीं। करीब सात साल पहले उनकी पहली पत्नी की मौत के बाद उनका विवाह रानी से हुआ था। रामविलास के पहले विवाह से तीन बच्चे भी हैं।

जांच में जुटी पुलिस

दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मौके पर डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम सबूत जुटाने की कोशिश कर रही है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। एएसपी डॉ प्रशांत चौबे का कहना है कि जल्द ही हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: धार में पब्लिक टॉयलेट पर लगे 'औरंगजेब शौचालय' के पोस्टर, छावा फिल्म देखने के बाद युवाओं का अनोखा विरोध

यह भी पढ़ें: Mhow Violence: CCTV से हुई उपद्रवियों की पहचान, हिरासत में 13 लोग; भारत की जीत के बाद महू में भड़की थी हिंसा