भोपाल में एअर इंडिया की मुंबई उड़ान निरस्त, तकनीकी खराबी से 178 यात्री परेशान, एयरपोर्ट पर हंगामा
भोपाल से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की उड़ान तकनीकी खराबी के कारण रद्द हो गई, जिससे राजा भोज एयरपोर्ट ...और पढ़ें

भोपाल एयरपोर्ट पर परेशान यात्री।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की उड़ान अचानक निरस्त होने से रविवार शाम राजा भोज एयरपोर्ट पर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। फ्लाइट रद होने से तीन बच्चों सहित कुल 178 यात्री प्रभावित हुए और वहां काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
मुंबई से आई थी फ्लाइट
जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया की उड़ान एआई-633 जब मुंबई से भोपाल आ रही थी, तभी उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी का संकेत मिला। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी, जिसके बाद सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए गए। समन्वय के तहत एटीसी, एयरलाइन ग्राउंड स्टाफ, CISF और एयरपोर्ट की फायर-रेस्क्यू टीम अलर्ट पर रही। विमान दोपहर करीब 3:30 बजे सुरक्षित भोपाल एयरपोर्ट पर उतर गया। फ्लाइट में 175 यात्री और 9 क्रू मेंबर सवार थे।
वापसी उड़ान निरस्त
हालांकि तकनीकी खराबी के कारण, विमान को तत्काल उडान के लिए अनुपयोगी घोषित कर दिया गया और एहतियात के तौर पर मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुसार विस्तृत निरीक्षण और सुधार के लिए एयरलाइन द्वारा वापसी उड़ान एआई -634 (भोपाल से मुंबई) रद् कर दी गई।
परेशान यात्रियों ने किया हंगामा
अचानक फ्लाइट कैंसिल होने से यात्रियों में नाराजगी फैल गई। खासतौर पर वे यात्री ज्यादा परेशान हुए, जिन्हें मुंबई से आगे कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़नी थी। वैकल्पिक व्यवस्था तुरंत न मिलने से कई यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया। कुछ यात्रियों ने टिकट रिफंड ले लिया, जबकि कई ने सोमवार की उड़ान से जाने का विकल्प चुना।
यह भी पढ़ें- रेलयात्रियों को राहत : भोपाल मंडल की 10 ट्रेनों में जुड़ेंगे 3AC इकॉनॉमी कोच, जानिए कबसे लागू होगा बदलाव
एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी के मुताबिक, विमान में तकनीकी खराबी के कारण उसे भोपाल में ही रोक दिया गया है। यात्रियों को स्थिति की जानकारी दे दी गई है और आगे की व्यवस्था एयरलाइन द्वारा की जा रही है।
