विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल में स्वाइन फ्लू का खतरा बढ़ा: सितंबर में 43 नए केस, 80 साल के बुजुर्ग की मौत

Published: Sun, 13 Sep 2026 10:51 AM (IST)

राजधानी भोपाल में सितंबर की शुरुआत में ही स्वाइन फ्लू (H1N1) संक्रमण तेजी से फैल रहा है, इस महीने अब ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. सितंबर में भोपाल में स्वाइन फ्लू के 43 नए मामले।

  2. H1N1 संक्रमण से 80 वर्षीय बुजुर्ग की हुई मौत।

  3. स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर, नागरिकों से सावधानी की अपील।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल में स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 संक्रमण ने सितंबर की शुरुआत में ही रफ्तार पकड़ ली है। इस महीने अब तक 43 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। संक्रमण की चपेट में आए 80 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसे इस सीजन में भोपाल में स्वाइन फ्लू से हुई पहली मौत माना जा रहा है।

ओल्ड मिनाल रेसीडेंसी निवासी 80 वर्षीय राम सिंह एच1एन1 संक्रमण से संक्रमित थे। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, संक्रमण के चलते उन्हें गंभीर रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम और एक्यूट रेस्पिरेटरी फेलियर हो गया था। बुजुर्ग पहले से ही हृदय रोग, उच्च रक्तचाप और टाइप-2 डायबिटीज जैसी बीमारियों से पीड़ित थे। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

इस सीजन में 65 मरीज मिले

भोपाल में स्वाइन फ्लू की स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब तक 232 संदिग्ध सैंपलों की जांच की जा चुकी है। इनमें से सितंबर में ही 43 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, एक जनवरी 2026 से अब तक राजधानी में स्वाइन फ्लू के कुल 65 मरीज सामने आ चुके हैं।

दूसरे जिलों से भी पहुंच रहे मरीज

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हालिया जांच में सूरज नगर, भदभदा रोड निवासी 70 वर्षीय राकेश अग्रवाल और नरसिंहपुर के गाडरवारा निवासी 66 वर्षीय गोविंद दास भी एच1एन1 संक्रमित पाए गए हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है।

यह भी पढ़ें- जिस चावल को आप रोज खाते हैं, वह बढ़ा रहा धरती की गर्मी! धान के खेतों से हर साल 97 लाख टन मीथेन

वहीं, शालिमार पार्क, कोलार रोड निवासी 13 वर्षीय सृष्टि गर्ग, मंडीदीप के पटेल नगर निवासी 41 वर्षीय संदीप शर्मा और एम्राल्ड पार्क सिटी निवासी 40 वर्षीय पीयूष त्रिवेदी उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। स्वास्थ्य में सुधार के बाद तीनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच की जा रही है। सितंबर में अचानक बढ़े मामलों ने राजधानी में स्वाइन फ्लू को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट है। सभी प्रमुख अस्पतालों में बेड और आवश्यक दवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मौसमी बदलाव के कारण इन्फ्लूएंजा का प्रभाव बढ़ा है। नागरिकों से अपील है कि सर्दी, खांसी, तेज बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीज और बुजुर्ग भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
- डॉ. मनीष शर्मा, सीएमएचओ, भोपाल