विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल में शासकीय स्कूल के छात्र-छात्राओं का हल्लाबोल, शिक्षिका पर घर का काम कराने और मारपीट के आरोप; निलंबन की मांग पर अड़े

Published: Mon, 05 Oct 2026 03:53 PM (IST)

भोपाल के मिसरोद स्थित शासकीय नवीन हायर सेकंडरी स्कूल में छात्रों ने एक शिक्षिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्रों ने ...और पढ़ें

स्कूल में प्रदर्शन करते छात्र-छात्राएं।

स्कूल में प्रदर्शन करते छात्र-छात्राएं।

HighLights

  1. भोपाल के शासकीय स्कूल में छात्रों ने किया प्रदर्शन।

  2. शिक्षिका बबीता कुशवाहा पर घर का काम कराने का आरोप।

  3. छात्रों ने शिक्षिका को निलंबित करने की मांग की है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल के मिसरोद स्थित शासकीय नवीन हायर सेकंडरी स्कूल में सोमवार को छात्र-छात्राओं का आक्रोश सामने आया। जेन-जी विद्यार्थियों ने एक शिक्षिका के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए स्कूल परिसर में धरना शुरू कर दिया। छात्र-छात्राएं शिक्षिका को हटाने और निलंबित करने की मांग पर अड़े रहे। विद्यार्थियों ने साफ कहा कि जब तक मामले में कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

घर का काम कराने का आरोप

प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने शिक्षिका बबीता कुशवाहा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों का कहना है कि शिक्षिका कथित तौर पर अपने घर से जुड़े काम स्कूल में लेकर आती थीं और उन्हें पूरा करने के लिए विद्यार्थियों से काम करवाती थीं। छात्रों का आरोप है कि काम करने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट भी की जाती थी।

विद्यार्थियों ने इन आरोपों की जांच कर शिक्षिका के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूल में पढ़ाई के लिए आने वाले विद्यार्थियों से किसी शिक्षक का निजी काम करवाना उचित नहीं है।

निलंबित करने की मांग

छात्र-छात्राओं ने शिक्षिका के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई होने तक आंदोलन समाप्त नहीं करने की बात कही। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।

यह भी पढ़ें- भोपाल में 20 हजार युवाओं से सीधा संवाद करेंगे CM मोहन यादव, AI-रोबोटिक्स से रोजगार तक दिखेगी भविष्य की राह

हालांकि, विद्यार्थियों के विरोध के बाद शिक्षिका को दूसरी जगह भेज दिया गया है। अब छात्रों की मुख्य मांग शिक्षिका के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई को लेकर बनी हुई है। पूरे मामले में विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और जांच की कार्रवाई का इंतजार है।