भोपाल रिटायर्ड IAS हत्याकांड में 21 दिन बाद बड़ा एक्शन, पांच सदस्यीय SIT करेगी जांच; मुख्य आरोपित अब भी फरार
भोपाल में रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल हत्याकांड में 21 दिन बाद विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। ...और पढ़ें

रिटायर्ड आईएएस की हत्या मामले में फरार केयरटेकर की तलाश तेज। (फाइल फोटो)
HighLights
रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल हत्याकांड में SIT गठित।
मुख्य आरोपी केयरटेकर वरुण कुमार अभी भी फरार।
आईएएस एसोसिएशन की मांग पर हुआ एक्शन।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरज नगर में रहने वाले रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में जांच तेज कर दी गई है। घटना के 21 दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपित केयरटेकर वरुण कुमार पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर भोपाल संजय कुमार ने बुधवार को विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन का आदेश जारी किया। यह आदेश पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), मध्यप्रदेश के अनुमोदन के बाद प्रभाव में आया है।
आईएएस एसोसिएशन की मुलाकात के बाद एक्शन
हम बता दें कि गत 30 सितंबर की रात रिटायर्ड आइएएस अधिकारी की उनके ही केयरटेकर वरुण कुमार द्वारा घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही आरोपित की तलाश में भोपाल पुलिस की टीमें ग्वालियर, मथुरा, वृंदावन और पंजाब तक दबिश दे चुकी हैं, लेकिन वह लगातार चकमा दे रहा है। आरोपित के कुछ सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुके हैं, और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।
पुलिस की नाकामी को देखते हुए कुछ दिन पहले आईएएस एसोसिएशन ने मुख्य सचिव और बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर त्वरित कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद यह एसआइटी गठित की गई है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में नए निगमायुक्त के प्रभार लेने के साथ सीनियर अफसर का तबादला, अक्षय तेम्रवाल नगरीय विकास संचालनालय भेजे गए
एसआईटी में इन्हें किया शामिल
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पीएचक्यू में एआईजी) उमेश तिवारी को एसआइटी का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा टीम में भोपाल क्राइम ब्रांच के एसीपी चंद्रभान सिंह चढ़ार, एसीपी पारस सोनी, रातीबड़ थाने के उपनिरीक्षक ओपी रघुवंशी और अपराध शाखा की टेक्निकल सेल के आरक्षक नीलेश वर्मा को बतौर सदस्य शामिल किया गया है।
