भोपाल में 96 लाख की 1075 पेटी अवैध शराब पकड़ी, पुलिस को देख ट्रक चालक ने बढ़ाई रफ्तार; कार को मारी टक्कर
भोपाल में निशातपुरा पुलिस ने 96 लाख रुपये की 1075 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रक जब्त किया ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
निशांतपुरा पुलिस ने 1075 पेटी अवैध शराब जब्त की।
जब्त शराब की कीमत लगभग 96 लाख रुपये बताई गई।
ट्रक चालक गिरफ्तार, भागते समय कार को टक्कर मारी।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ निशातपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1075 पेटी अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक जब्त किया है। ट्रक में करीब 9700 लीटर शराब रखी थी, जिसकी कीमत लगभग 96 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने अवैध शराब परिवहन में इस्तेमाल ट्रक को भी जब्त कर लिया है। मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर की रात वायरलेस सेट पर सूचना मिली थी कि एक ट्रक तेज रफ्तार में गांधीनगर से करोंद की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने करोंद चौराहे पर ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से आगे निकल गया।
भागने के दौरान ट्रक चालक ने आधार अस्पताल के पास एक कार को टक्कर मार दी। इसके बाद पुलिस ने पीछा जारी रखा और पीपुल्स मॉल के पास ट्रक को रोकने में सफलता हासिल की। तलाशी लेने पर ट्रक में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब भरी मिली।
1075 पेटी शराब, 20 लाख का ट्रक जब्त
ट्रक में ब्लैक फोर्ट प्रीमियम रम (BLACK FORT Premium Rum) की 90 एमएल, 180 एमएल और 750 एमएल की बोतलें थीं। कुल 1075 पेटियों में करीब 9700 लीटर शराब बरामद की गई। शराब के परिवहन, खरीद और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज चालक के पास नहीं मिला।
इसके बाद पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 96 लाख रुपये कीमत की शराब और ट्रक क्रमांक MP04YJ9902, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये है, जब्त कर लिया।
यह भी पढ़ें- भोपाल में ड्रग तस्करी पर कार्रवाई, महिला इंजीनियर समेत तीन गिरफ्तार
रायसेन की डिस्टिलरी का नाम पेटियों पर दर्ज
जब्त शराब की पेटियों पर रायसेन जिले की सोम डिस्टिलरीज का नाम अंकित मिला है। पुलिस ने ट्रक चालक राम किशन बमोरिया (38), निवासी मंडीदीप, जिला रायसेन को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अब इस अवैध शराब की खेप कहां ले जाई जा रही थी, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और परिवहन नेटवर्क किसके जरिए संचालित हो रहा था, इसकी पड़ताल कर रही है। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका पता लगाने के लिए जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।