विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टैबलेट खाकर पानी पिया, फिर अचानक बिगड़ी हालत; भोपाल में दोस्त के साथ शॉपिंग करते वक्त युवक की मौत

Published: Tue, 13 Oct 2026 10:00 PM (IST)

भोपाल में लक्ष्मी टॉकीज के पास एक दोस्त के साथ कपड़े खरीदने गए 40 वर्षीय शैलेंद्र मालवीय की अचानक तबीयत ...और पढ़ें

दुकान में बेसुध हालत में युवक। (वीडियो ग्रैब)

दुकान में बेसुध हालत में युवक। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. युवक शैलेंद्र मालवीय की शॉपिंग करते समय अचानक मौत।

  2. बेचैनी महसूस होने पर टैबलेट खाकर कुर्सी से गिरे।

  3. प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। लक्ष्मी टॉकीज के पास सोमवार रात एक दोस्त को कपड़े दिलवाने पहुंचे एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बेचैनी होने पर वह दुकान में रखी कुर्सी पर बैठा और टैबलेट खाने के बाद पानी पिया। कुछ ही देर में वह तड़पने लगा और कुर्सी से नीचे गिर पड़ा।

मौके पर मौजूद लोगों ने उसे संभाला, लेकिन उसकी सांसें थम चुकी थीं। स्वजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

कपड़े पसंद करते-करते बढ़ी बेचैनी

हनुमानगंज थाना पुलिस के अनुसार 40 वर्षीय शैलेंद्र मालवीय प्राइवेट नौकरी करता था। वह एयरपोर्ट रोड स्थित दाता कालोनी में अपने परिवार के साथ रहता था। सोमवार रात करीब आठ बजे वह अपने दोस्त को कपड़े दिलवाने लक्ष्मी टॉकीज के पास बाजार में परिचित की दुकान लेकर पहुंचा था। दुकान पर कपड़े पसंद करते समय उसने बेचैनी होने की बात कही और कुर्सी पर बैठ गया। इसके बाद टैबलेट खाकर पानी पीते ही उसकी हालत बिगड़ गई।

यह भी पढ़ें- MP में ढाई साल से अटके साइबर थाने, हेल्पलाइन कॉल सेंटर बनाने का प्रस्ताव भी लंबित; केंद्र ने जल्द शुरू करने को कहा

परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे

करीब 20 सेकंड बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। पूरा घटनाक्रम इतनी तेजी से हुआ कि कुछ ही सेकंड में उसकी मौत हो गई। दोस्त ने दुकान के कर्मचारियों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया और स्वजन को सूचना दी। शैलेंद्र के परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। मामले में जांच कर रहे एसआई रामसिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने शव का पीएम करवाया है। पीएम रिपोर्ट में मौत के कारणों का खुलासा होगा।