भोपाल शराब ठेका फर्जीवाड़े में मोहित गोगिया से पूछताछ करेगी लोकायुक्त पुलिस, रायचुरा को 10000000 रुपये रिश्वत देने के आरोप की होगी जांच
भोपाल शराब ठेका फर्जीवाड़े में लोकायुक्त पुलिस अब मोहित गोगिया से पूछताछ करेगी। गोगिया ने तत्कालीन सहायक आबकारी अधिकारी रायचुरा ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र। (इनसेट- मोहित गोगिया व दीपम रायचुरा)
HighLights
भोपाल शराब ठेका फर्जीवाड़े में लोकायुक्त पुलिस की जांच तेज।
मोहित गोगिया से होगी पूछताछ, रिश्वत आरोपों की पड़ताल।
दीपम रायचुरा पर एक करोड़ रुपये रिश्वत लेने का आरोप।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। भोपाल में शराब की दो दुकानों के ठेके के लिए पौने तीन करोड़ रुपये की फर्जी ई-एफडीआर लगाए जाने के मामले में लोकायुक्त पुलिस अब मोहित गोगिया से पूछताछ कर सकती है। इसी माह इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित मोहित गोगिया के कथित बयान में तत्कालीन सहायक आबकारी अधिकारी और उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के पूर्व ओएसडी रायचुरा को एक करोड़ रुपये रिश्वत देने का आरोप है।
50 लाख नकद और 50 लाख खाते से देने का दावा
शराब दुकान का ठेका दिलाने के बदले 50 लाख रुपये नकद और 50 लाख रुपये बैंक खाते के माध्यम से देने की बात कही गई थी। हालांकि, लोकायुक्त पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर जो एफआईआर पंजीबद्ध की है उसमें एक करोड़ रुपये की कथित रिश्वत का उल्लेख नहीं है। ऐसे में जांच के दौरान गोगिया के बयान की सत्यता, रकम देने के दावे और कथित लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल महत्वपूर्ण होगी।
जांच में ईडी की एंट्री
विवेचना के दौरान गोगिया से पूछताछ के आधार पर संबंधित खाते में राशि के लेन-देन का विवरण बैंक से मांगा जाएगा। इसमें सत्यता मिली तो इसे भी जोड़ा जाएगा। साथ ही रायचुरा के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति का प्रकरण कायम किया जाएगा। ऐसे में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी जांच करेगा।
बता दें कि गोगिया दिल्ली सहित कई राज्यों में 15 से अधिक मामलों में ठगी का आरोपित है। ईडी ने उसे पिछले वर्ष गिरफ्तार किया था। वह अभी तिहाड़ जेल में बंद है। गोगिया वर्ष 2024 में भोपाल में रहने के दौरान रायचुरा के संपर्क में आया था। रिश्वत के आरोप लगने पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने रायचुरा को अपने ओएसडी के दायित्व से नौ अक्टूबर को मुक्त कर दिया था।
यह भी पढ़ें- फर्जी FDR मामले में डिप्टी सीएम के पूर्व ओएसडी दीपम रायचुरा की बढ़ेंगी मुश्किलें, ED जांच की भी संभावना
रायचुरा के बयान के बाद दूसरे लोगों से भी पूछताछ
विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त के एक अधिकारी ने बताया कि पूरी गड़बड़ी में मध्यस्थता करने वाले निजी लोग और आबकारी विभाग के अधिकारी भी जांच की परिधि में आएंगे। रायचुरा के बयान लेने के बाद उनका कथन भी लिया जाएगा। नवंबर में बयान दर्ज करने की तैयारी है। इसके लिए शीघ्र ही संबंधितों को नोटिस जारी किया जाएगा। आबकारी विभाग से भी दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। इसी आधार पर एफआईआर में धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
