मध्य प्रदेश: चाय न बनाने पर पति ने पत्नी को जिंदा जलाया, अदालत ने सुनाई उम्रकैद की सजा
भोपाल में चाय न बनाने पर पत्नी को जिंदा जलाने वाले पति प्रीतम मीना को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। तबीयत खराब होने के कारण चाय न बनाने पर पति ने उसे पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी।

HighLights
पति ने चाय न बनाने पर पत्नी को पेट्रोल डालकर जलाया।
भोपाल अदालत ने आरोपी पति को आजीवन कारावास की सजा दी।
मृतका दुर्गा पर दहेज व अनैतिक संबंध का दबाव था।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक पति ने अपनी बीमार पत्नी को महज चाय न बनाने पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। इस जघन्य हत्याकांड में अपर सत्र न्यायाधीश सुचिता श्रीवास्तव की अदालत ने आरोपी पति प्रीतम मीना को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है।
मृतका दुर्गा ने अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु से पहले पुलिस को बताया था कि घटना वाले दिन उसकी तबीयत खराब थी और वह सो रही थी। जब प्रीतम ने उसे चाय बनाने को कहा, तो उसने आराम करने की गुजारिश की।
इस पर आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि वह आज उसे शैतान बनकर दिखाएगा। इसके बाद वह नीचे से पेट्रोल की बोतल लेकर आया, दुर्गा पर छिड़का और जान से मारने की नीयत से माचिस से आग लगा दी।
गुस्से में पत्नि को किया आग के हवाले
यह वारदात 12 जुलाई 2024 की सुबह करीब 6:30 बजे ऐशबाग थाना क्षेत्र में हुई थी। अस्वस्थता के कारण दुर्गा सो रही थी, तभी उसका पति प्रीतम उसे उठाने लगा। दुर्गा के न उठने पर उसने घर का एफएम रेडियो तेज आवाज में बजाना शुरू कर दिया।
जब दुर्गा ने इसका विरोध करते हुए कहा कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है और वह थोड़ी देर में रोटी बना देगी, तो प्रीतम गुस्से में आ गया। इसी विवाद के बाद उसने दुर्गा को आग के हवाले कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों और मृतका की मां ने आकर आग बुझाई। बुरी तरह झुलसी दुर्गा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां 19 जुलाई 2024 को इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
दहेज के लिए बनाता था दबाव
अदालत में सुनवाई के दौरान आरोपी पति की कई शर्मनाक बातें सामने आईं। अदालत को बताया गया कि आरोपी प्रीतम अपनी पत्नी पर लगातार दहेज के लिए दबाव बनाता था। वह दुर्गा से कहता था कि वह उसकी शादी गांव के किसी बड़े परिवार में करवा देगा, जिससे वहां से अच्छा पैसा मिलेगा।
इसके अलावा, आरोपी अपनी पत्नी पर बॉयफ्रेंड बनाने और उस बॉयफ्रेंड के पैसों से कार खरीदने का अनैतिक दबाव भी डालता था। प्रीतम का यह भी कहना था कि वह बीमार रहता है, इसलिए अब वह चार साल तक घर पर आराम करेगा और दुर्गा ही पूरा घर चलाएगी।
मां की आंखों के सामने जली हुई खड़ी थी बेटी
दुर्गा की मां ने अदालत में गवाही देते हुए बताया कि प्रीतम और दुर्गा की शादी घटना से मात्र एक साल पहले ही हुई थी। प्रीतम की लगातार दहेज प्रताड़ना के कारण, घटना से तीन महीने पहले ही वह अपनी बेटी के कहने पर पास के कमरे में किराए से रहने लगी थीं।
घटना की सुबह जब मां खुद चाय बना रही थीं, तभी दरवाजे पर जोर की आवाज आई। दरवाजा खोलने पर उन्होंने अपनी बेटी दुर्गा को जली हुई हालत में खड़े देखा। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया था, जहां अंततः उसकी मौत हो गई। अदालत ने मृतका के मृत्यु पूर्व बयान और गवाहों के आधार पर इस मामले में अपना सख्त फैसला सुनाया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।