विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल: 8 कारों का काफिला लेकर पहुंचे जुआरी, थाने से 100 मीटर दूर जमाया अड्डा, 15 गिरफ्तार

Published: Tue, 17 Nov 2026 08:48 AM (IST)

राजधानी भोपाल में शाहपुरा थाने से महज 100 मीटर दूर एक फ्लैट में जुए के बड़े अड्डे का भंडाफोड़ हुआ।

जुए के अड्डे पर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई (सांकेतिक तस्वीर)

जुए के अड्डे पर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. जुए के अड्डे पर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

  2. 15 जुआरी गिरफ्तार, 92.94 लाख का सामान जब्त

  3. एक आरोपी आर्म्स एक्ट में फरार था, पकड़ा गया

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी में जुआरियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्हें पुलिस थाने से चंद कदमों की दूरी पर जुए का फड़ जमाने में भी डर नहीं रहा।

रविवार रात शाहपुरा थाने से करीब 100 मीटर दूर गौरव ग्रीन गार्डन के सामने स्थित इंडेक्स अपार्टमेंट के फ्लैट में 15 लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत के दांव लगा रहे थे। जुआ खेलने पहुंचे आरोपित आठ चार पहिया वाहनों के काफिले के साथ आए थे।

फ्लैट में दबिश देकर सभी को पकड़ा

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रात करीब 12:25 बजे फ्लैट में दबिश देकर सभी को पकड़ लिया। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। थाना प्रभारी संतोष मरकाम ने बताया कि फ्लैट के नीचे संदिग्ध वाहनों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर टीम ने सहायक पुलिस आयुक्त हबीबगंज से सर्च वारंट लिया और कार्रवाई की।

फ्लैट के भीतर सौरभ सिंह, अरुण कुमार, बादल ठाकुर, राहुल त्रिपाठी, अमन सिंह, मोहन सिंह राजपूत, तुषार तोमर, समीर तोमर, विनय रंधवे, अंकुश गर्ग, विजय शर्मा, भरत चौहान, विशाल पाठक, वैभव सिंह राजपूत और एक विधि विरुद्ध बालक ताश के पत्तों पर दांव लगाते मिले।

92.94 लाख का मशरूका जब्त

पुलिस ने मौके से 94,690 रुपये नकद, करीब 12 लाख रुपये कीमत के 20 मोबाइल, लगभग 80 लाख रुपये कीमत की आठ चार पहिया गाड़ियां और 52 ताश के पत्ते जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 92 लाख 94 हजार 690 रुपये बताई गई है।

आरोपितों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत अपराध क्रमांक 690/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार 14 आरोपितों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर जेल भेज दिया है। जबकि नाबालिग को नोटिस देकर छोड़ा है।

आर्म्स एक्ट में तीन महीने से फरार था आरोपित

जुआ खेलते पकड़ा गया आरोपित विशाल पाठक कोलार थाने के आर्म्स एक्ट के मामले में पिछले करीब तीन महीने से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह लगातार कोलार पुलिस को चकमा दे रहा था। आरोपित ने जन्मदिन पर सरेराह तलवार से केक काटा था, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।