ट्रेनों से नशे की तस्करी, 3.5 करोड़ की ड्रग के साथ नाइजीरियन महिला समेत दो गिरफ्तार; भोपाल में DRI का बड़ा एक्शन
डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने भोपाल में दो दिन में बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.5 करोड़ रुपये की 4.382 ...और पढ़ें

डीआरआई की टीम ने जब्त की ड्रग।
HighLights
DRI ने भोपाल में दो दिन में बड़ी कार्रवाई की।
3.5 करोड़ की 4.382 किलो क्रिस्टल एम्फेटामिन जब्त।
नाइजीरियन महिला सहित दो तस्कर गिरफ्तार, जांच जारी।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने लगातार दो दिन बड़ी कार्रवाई की। टीम ने भोपाल जंक्शन और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर अलग-अलग ट्रेनों से पहुंचे दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 4.382 किलो क्रिस्टल एम्फेटामिन बरामद की। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपितों में एक नाइजीरियन महिला भी शामिल है।
दोनों आरोपितों के खिलाफ NDPS एक्ट, 1985 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। DRI अब यह पता लगाने में जुटी है कि एम्फेटामिन की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है।
भोपाल जंक्शन पर डफल बैग से मिली ड्रग
DRI को 23 सितंबर को सूचना मिली थी कि दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन से ट्रेन के जरिए एक यात्री नशीले पदार्थ की खेप लेकर भोपाल पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने भोपाल जंक्शन पर निगरानी बढ़ाई और ट्रेन के पहुंचते ही संदिग्ध यात्री को रोक लिया।
उसके नीले रंग के डफल बैग की तलाशी लेने पर तीन पालीथिन पैकेट बरामद हुए। इनमें सफेद क्रिस्टलनुमा पदार्थ भरा था, जिसका वजन 2.014 किलो निकला। फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर पदार्थ की पहचान एम्फेटामिन के रूप में हुई। इसके बाद यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।
सलवार-कुर्तों में छिपाकर लाई गई थी ड्रग
इसके अगले ही दिन 24 सितंबर को DRI ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर दूसरी कार्रवाई को अंजाम दिया। आगरा कैंट से ट्रेन के जरिए पहुंची एक नाइजीरियन महिला को संदेह के आधार पर रोका गया। उसके सामान की तलाशी के दौरान टीम को सलवार-कुर्तों के भीतर छिपाए गए चार पैकेट मिले।
पैकेट खोलने पर उनमें 2.368 किलो क्रिस्टल एम्फेटामिन बरामद हुई। पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
दो दिन, दो स्टेशन और करोड़ों की ड्रग खेप
DRI की लगातार दो दिनों की कार्रवाई में कुल 4.382 किलो एम्फेटामिन जब्त हुई। दोनों आरोपित अलग-अलग ट्रेनों से भोपाल पहुंचे थे। एजेंसी अब बरामद ड्रग की सप्लाई चेन, स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
