विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल में पति-पत्नी ने घर में लगाई फांसी, बच्चों का कमरा था बाहर से बंद; भाई ने लगाए गंभीर आरोप

Published: Tue, 27 Oct 2026 04:43 PM (IST)

भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में एक दंपती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे इलाके में सनसनी ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. ईंटखेड़ी इलाके के ग्राम रायपुरा में हुई घटना।

  2. 2012 में किया था प्रेम विवाह, दो बच्चे हैं।

  3. मृतक ठेकेदार था, मृतका स्वसहायता समूह से जुड़ी थी।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में स्थित ग्राम रायपुरा में एक दंपती ने घर के भीतर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सोमवार सुबह जब लोगों को इस घटना का पता चला तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय सुरेंद्र सिलावट और उनकी 34 वर्षीय पत्नी मोनाबाई के रूप में हुई है।

दंपती के दो बच्चे (एक 11 वर्षीय बेटी और नौ वर्षीय बेटा) हैं। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं और 2012 में उन्होंने प्रेम विवाह किया था। पुलिस ने मर्ग कायमी के बाद मामले को विवेचना में लिया है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव स्वजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं।

सुबह दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने दी सूचना

ईंटखेड़ी थाने के एसआई नवीन गौर के अनुसार, सुरेंद्र सिलावट निर्माणाधीन इमारतों में सेंटिंग बांधने का ठेका लेते थे, जबकि उनकी पत्नी मोनाबाई स्व-सहायता समूह से जुड़ी थीं और जरूरत पड़ने पर खेतों में भी काम करती थीं। सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब पड़ोसी किसी काम से उनके घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजा बंद मिला।

खिड़की से झांकने पर दंपती के शव रसोई वाले कमरे में फंदे पर लटके दिखे, जबकि दोनों बच्चे दूसरे कमरे में थे और उनके कमरे की कुंदी बाहर से लगाई गई थी। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस और चौकीदार को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नहीं मिला सुसाइड नोट

पुलिस को तलाशी लेने पर कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिछले कुछ दिनों से घरेलू बातों को लेकर दंपती के बीच अनबन चल रही थी। रविवार रात भी उनके बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों बच्चे एक कमरे में और दंपती दूसरे कमरे में सोने चले गए थे। पुलिस का अनुमान है कि इसी कलह के चलते दोनों ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

यह भी पढ़ें- भोपाल में RGPV की बस बेकाबू होकर बिजली के खंभे से टकराई, 15 घायल; तीन की हालत गंभीर

मृतक का भाई बोला- प्रताड़ित किया जा रहा था

दूसरी ओर मृतक के भाई धन सिंह सिलावट ने गांव की एक महिला और उसके देवर पर गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि एक युवक सुरेंद्र को धमका रहा था और कुछ दिन पहले सड़क पर भी विवाद हुआ था। पुलिस ने स्वजनों के इन आरोपों को भी अपनी जांच में शामिल कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खुदकुशी के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।