खरगे के बयान पर भोपाल में गरमाई सियासत: भाजपाइयों ने घेरा कांग्रेस दफ्तर, पुलिस ने चलाई वाटर केनन
प्रधानमंत्री मोदी के पिता पर मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के विरोध में भोपाल में भाजपा ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय ...और पढ़ें

कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने निकले भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका।
HighLights
भोपाल में भाजपा ने खरगे की टिप्पणी पर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यालय घेराव के दौरान भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े।
पुलिस ने तनावपूर्ण स्थिति नियंत्रित करने वाटर कैनन का प्रयोग किया।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के विरोध में सोमवार को भाजपा ने प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव करने के लिए पैदल मार्च निकाला। इस दौरान शिवाजी नगर चौराहे पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। हालात संभालने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
प्रदर्शन में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय और भाजपा के शहर अध्यक्ष रविंद्र यति सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी रेडक्रॉस अस्पताल के सामने एकत्रित हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े।

बैरिकेड पर चढ़े भाजपा विधायक
भाजपा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग की थी। शिवाजी नगर चौराहे पर दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। इस दौरान विधायक रामेश्वर शर्मा और भगवानदास सबनानी बैरिकेड पर चढ़ गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड के पास पहुंचकर विरोध जताया, जबकि पुलिस उन्हें आगे बढ़ने से रोकने में जुटी रही।
यह भी पढ़ें- 'मन की बात' में गूंजी MP की शिवानी की कहानी, अंतिम विदाई पर मिला था गार्ड ऑफ ऑनर
एक तरफ फूल-लाठियां, दूसरी तरफ नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान बैरिकेड के एक तरफ कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में फूल और लाठियां लेकर मौजूद रहे, जबकि दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन करते नजर आए। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। भाजपा का प्रदर्शन खड़गे की टिप्पणी के विरोध में आयोजित किया गया था।
