भोपाल एयरपोर्ट पर STAR AIR का नया बेस स्टेशन, भुवनेश्वर की सीधी उड़ान से होगी एंट्री; शारजाह-गोवा कनेक्टिविटी भी संभव
भोपाल एयरपोर्ट पर विंटर शेड्यूल में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने वाली है, जिसमें स्टार एयर का नया बेस स्टेशन, भुवनेश्वर और ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
स्टार एयर भोपाल में अपना नया बेस स्टेशन स्थापित करेगा।
भोपाल से भुवनेश्वर और गोवा के लिए सीधी उड़ानें मिलेंगी।
शारजाह के लिए भोपाल की पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू होगी।
दिलीप मंगतानी, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से हवाई कनेक्टिविटी का दायरा इस बार विंटर शेड्यूल में बढ़ने की उम्मीद है। अक्टूबर के अंत से लागू होने वाले नए शेड्यूल में भोपाल को भुवनेश्वर की सीधी उड़ान, गोवा कनेक्टिविटी की वापसी और पहली इंटरनेशनल फ्लाइट मिलने की संभावना है। इसके साथ ही संजय घोड़ावत समूह की विमानन कंपनी स्टार एयर भोपाल में अपना बेस स्टेशन शुरू करने की तैयारी में है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी को उम्मीद है कि नए शेड्यूल में भोपाल से संचालित उड़ानों की संख्या बढ़कर 20 जोड़ी प्रतिदिन तक पहुंच सकती है। फिलहाल साप्ताहिक उड़ानों को मिलाकर करीब 17 जोड़ी उड़ानें संचालित हो रही हैं।
स्टार एयर की एंट्री, भुवनेश्वर से जुड़ेगा भोपाल
भोपाल एयरपोर्ट पर अब तक एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो प्रमुख ऑपरेटर थे। हाल ही में विमानन कंपनी एलायंस एयर ने रीवा, पटना और कोलकाता कनेक्टिविटी के साथ भोपाल में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।
अब स्टार एयर भी भोपाल से ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी में है। कंपनी ने विंटर शेड्यूल में भोपाल-भुवनेश्वर के बीच सीधी उड़ान के लिए स्लॉट लेने की इच्छा जताई है। एयरपोर्ट डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी के अनुसार, विंटर शेड्यूल में भोपाल से भुवनेश्वर की एयर कनेक्टिविटी शुरू होने की संभावना लगभग तय है।
गोवा की सीधी उड़ान फिर शुरू करेगा इंडिगो
भोपाल से गोवा जाने वाले यात्रियों के लिए भी राहत की उम्मीद है। इंडिगो भोपाल-गोवा सीधी उड़ान फिर शुरू करने की तैयारी में है। कंपनी ने इस साल की शुरुआत में इस रूट का संचालन बंद कर दिया था। इसके बाद यात्रियों को गोवा पहुंचने के लिए इंदौर या मुंबई के रास्ते का सहारा लेना पड़ रहा है।
भोपाल से बड़ी संख्या में युवा और परिवार गोवा की यात्रा करते हैं। ऐसे में सीधी उड़ान शुरू होने से इस रूट पर यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
शारजाह उड़ान से खुलेगा इंटरनेशनल कनेक्टिविटी का रास्ता
भोपाल एयरपोर्ट को हाल ही में कस्टम एयरपोर्ट का दर्जा मिला है। इसके बाद यहां इमिग्रेशन प्वाइंट, ई-गेट और जांच काउंटर तैयार किए जा चुके हैं। अब इन सुविधाओं के इस्तेमाल का इंतजार है।
विंटर शेड्यूल के दौरान भोपाल से शारजाह के लिए सीधी उड़ान शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने को लेकर हुई बैठक में भी भोपाल की जरूरतों और संभावनाओं को सामने रखा गया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी भोपाल से इंटरनेशनल कनेक्टिविटी शुरू होने के संकेत दे चुके हैं।
यह भी पढ़ें- ‘पहले वादा पूरा कराइए’... अतिथि विद्वानों ने भोपाल में रोका शिवराज का काफिला, मंत्री के बंगले के बाहर धरने पर डटे
दक्षिण भारत के शहर के लिए भी उड़ान की तैयारी
नए विंटर शेड्यूल में एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से दक्षिण भारत के किसी शहर के लिए भी उड़ान शुरू किए जाने की संभावना है। इससे भोपाल की दक्षिण भारत से सीधी कनेक्टिविटी का दायरा बढ़ सकता है।
उड़ानों की संख्या बढ़ने की संभावनाओं को देखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने नया अराइवल एरिया भी शुरू कर दिया है। यदि प्रस्तावित उड़ानें शेड्यूल में शामिल होती हैं तो भोपाल एयरपोर्ट पर यात्रियों की आवाजाही और ऑपरेशनल गतिविधियों में भी बढ़ोतरी होगी।
हमारे पास इंटरनेशनल स्तर की सभी सुविधाएं हैं। कस्टम दर्जा भी मिल चुका है। अब केवल उड़ान ही शुरू होती होनी है। विंटर सीजन में शारजाह उड़ान शुरू होने की पूरी उम्मीद है। घरेलू उड़ानें बढ़ेंगी। स्टार एयर ने उड़ान शुरू करने की सहमति दी है।
-आलोक त्रिपाठी, एयरपोर्ट डायरेक्टर।
