भोपाल से बनवाए गए थे नागपुर में रह रहे बांग्लादेशियों के पासपोर्ट; STF जांच में सामने आई चौंकाने वाली कड़ियां
मध्य प्रदेश एसटीएफ ने भोपाल में बांग्लादेशियों के फर्जी पासपोर्ट बनवाने के मामले में नसीम अख्तर को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
नसीम अख्तर बांग्लादेशियों के फर्जी पासपोर्ट बनवाने में गिरफ्तार।
बौद्ध अनुयायी बताकर फर्जी दस्तावेजों का उपयोग किया गया।
पासपोर्ट सेवा केंद्र की साठगांठ और अंतरराष्ट्रीय यात्राएं उजागर।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। बौद्ध अनुयायी दर्शा कर बांग्लादेशियों के पासपोर्ट फर्जी दस्तावेज से बनवाने के मामले में मध्य प्रदेश एसटीएफ ने भोपाल निवासी नसीम अख्तर को गिरफ्तार किया है। वह वर्ष 2016 से शहर के एमपी नगर में टूर एवं ट्रेवल्स का काम कर रहा था, बाद में पासपोर्ट एजेंट का काम करने लगा।
पूछताछ में उसने भोपाल में अब तक सामने आए 70 लोगों के पासपोर्ट में से 10 के पासपोर्ट बनवाने में अपनी संलिप्तता की बात स्वीकारी है। वह नागपुर में भी वर्ष 2024 में बांग्लादेशियों के पासपोर्ट भोपाल से बनवाने में आरोपित रहा है। महाराष्ट्र पुलिस ने इस रैकेट का राजफाश किया था, तब नसीम अख्तर पकड़ा गया था। उस पर धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, पासपोर्ट अधिनियम सहित अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज की गई थी।
नसीम ने एसटीएफ की पूछताछ में बताया है कि रियाल चौधरी उर्फ मित्यानंद भिक्षु के कहने पर उसने भोपाल से पासपोर्ट बनवाने के लिए आनलाइन आवेदन किए थे। बता दें कि रियाल पासपोर्ट बनवाने वाले नेटवर्क का सरगना माना जा रहा है। उसे और उसके सहयोगी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, एसटीएफ ने दो लोगों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया, जिनके पासपोर्ट बनवाए गए थे।
अन्य राज्यों में भी हो सकते हैं ऐसे मामले
मध्य प्रदेश और नागपुर में भी मामले सामने आने के बाद देश के अन्य राज्यों में भी बौद्ध मठ के पते पर फर्जी पासपोर्ट बनवाने का संदेह बढ़ गया है। एसटीएफ की टीमें असम, बंगाल सहित कई राज्यों में आरोपितों की तलाश कर रही हैं। पता लगा है कि ये पहले असम पहुंचे, वहां से मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में आ गए और बौद्ध भिक्षु बनकर मठों में रहने लगे। वहीं का पहचान पत्र बनवा लिया। इस आधार पर पासपोर्ट बनवाया।
विदेश गए आरोपितों की निकाली जा रही जानकारी
एसटीएफ विदेश मंत्रालय, विमानन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की मदद से इन पासपोर्ट धारकों की विदेश यात्रा का रिकार्ड खंगाला रही है। कुछ पासपोर्ट धारकों की थाईलैंड, मलेशिया, कंबोडिया और इंडोनेशिया की यात्रा करने की पुष्टि हो चुकी है।
यह भी पढ़ें- बांग्लादेशियों के पासपोर्ट रैकेट में बड़ा खुलासा: भोपाल-डबरा के 2 साइबर कैफे से हुए 57 आवेदन, STF के रडार पर संचालक
पासपोर्ट सेवा केंद्र में थी साठगांठ
अब जाली दस्तावेजों के जरिये बांग्लादेशी नागरिकों के पासपोर्ट बनवाने के तार पासपोर्ट सेवा केंद्र से भी जुड़ गए हैं। पुलिस व अन्य विभागों की तरह यहां भी साठगांठ थी। नसीम अख्तर ने बताया कि वह एक पासपोर्ट बनवाने के एवज में 20 हजार रुपये लेता था। एक कर्मचारी का नाम उसने बताया है, जिसके जरिये वह पासपोर्ट बनवा लेता था। एसटीएफ भोपाल के गोविंदपुरा स्थित अन्नानगर में कैफे चलाने वाले संचालक से पूछताछ कर रही हैं, वहीं ग्वालियर के डबरा में भी एक कैफे संचालक की तलाश है।
भोपाल के एजेंट ने 10 पासपोर्ट बनवाए थे। उसके द्वारा 20 हजार रुपये लिए जाते थे। उसे नामजद किया गया है। उसे गिरफ्तार कर लिया है। अभी इस मामले में और खुलासे होंगे।
-राहुल लोढ़ा, डीआईजी, एसटीएफ
