विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल में 13 साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या, खंडहर में छिपाया शव; आक्रोशित लोगों ने घेरा थाना

Published: Fri, 16 Oct 2026 10:10 PM (GMT+05:30)

राजधानी भोपाल के बैरागढ़ क्षेत्र में एक 13 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. बैरागढ़ क्षेत्र में बाजार से हाथ पकड़कर ले गया था आरोपित मुईन बेग

  2. शव को ठिकाने लगाने पहुंचा तो पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार।

  3. घटना को लेकर लोगों में फैला आक्रोश, बैरागढ़ थाने का किया घेराव।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल के बैरागढ़ क्षेत्र में 13 वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया है। बच्ची का शव बाजार के पास स्थित एक खंडहरनुमा इमारत की तीसरी मंजिल पर कंबल में लिपटा मिला। पुलिस ने मामले में 23 वर्षीय मुईन बेग को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में बच्ची आरोपी के साथ जाती दिखाई दी थी। घटना से आक्रोशित लोगों ने बैरागढ़ थाने का घेराव कर विरोध जताया।

बाजार से लापता हुई थी बच्ची

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात करीब आठ बजे बच्ची बैरागढ़ बाजार में अपने स्वजन को आखिरी बार दिखाई दी थी। इसके बाद वह लापता हो गई। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चलने पर बैरागढ़ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस ने बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इनमें बच्ची मुईन बेग के साथ जाती दिखाई दी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपित की पहचान की और उसकी तलाश शुरू कर दी।

खंडहर में ले जाकर वारदात 

डीसीपी आदर्शकांत शुक्ला के अनुसार, जांच में सामने आया कि आरोपित गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे बच्ची को बाजार के पास स्थित खंडहरनुमा इमारत में ले गया था। पुलिस का आरोप है कि वहां बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को कंबल में लपेटकर इमारत की तीसरी मंजिल पर टूटी टेबलों के बीच छिपा दिया गया।

यह भी पढ़ें- त्विषा शर्मा केस: सुप्रीम कोर्ट ने भोपाल में ट्रायल पर लगाई रोक; हाई कोर्ट में गिरिबाला की जमानत पर सुनवाई टली

शव ठिकाने लगाने पहुंचा आरोपित, पुलिस ने दबोचा

शुक्रवार दोपहर खंडहरनुमा इमारत के पास आरोपित की मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिस और बच्ची के स्वजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मुईन बेग को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान इमारत की तीसरी मंजिल से बच्ची का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी फैलने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया। लोगों ने बैरागढ़ थाने पहुंचकर घेराव किया और विरोध जताया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।