मध्य प्रदेश: बालाघाट में चाऊमीन-मंचूरियन खाने से 118 बच्चे बीमार, 45 अस्पताल में भर्ती
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किरनापुर में एक फास्ट फूड ठेले से चाऊमीन और मंचूरियन खाने के बाद 118 बच्चे बीमार पड़ गए। इनमें से 45 बच्चों और 12 वयस्कों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

HighLights
किरनापुर में चाऊमीन-मंचूरियन खाने से 118 बच्चे बीमार पड़े।
45 बच्चों और 12 वयस्कों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
फूड पॉइजनिंग के कारण सभी बच्चे अब खतरे से बाहर।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के हिर्री में शनिवार रात मड़ई में ‘हर्षित फास्ट फूड’ नामक ठेले से चाऊमीन और मंचूरियन खाकर 118 बच्चे बीमार हो गए। हालत बिगड़ने पर सभी को किरनापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
प्राथमिक इलाज के बाद 45 बच्चों और 12 वयस्कों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि शेष 61 बच्चों को तुरंत छुट्टी दे दी गई।
रात एक बजे के बाद जिला अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। सीएमएचओ डा. शत्रुघ्न सिंह दाहिया ने बताया कि सभी खतरे से बाहर हैं, उन्हें जल्द छुट्टी दे दी जाएगी।
डॉक्टरों ने इसके पीछे फूड पायजनिंग को वजह बताया है। अभी भी बच्चा वार्ड में 45 बच्चे और मेडिकल वार्ड में 12 वयस्क भर्ती हैं। डाक्टरों की टीम विशेष निगरानी रख रही है। रविवार सुबह कलेक्टर आदित्य सिंह और एसपी मलय जैन भी अस्पताल पहुंचे।
उन्होंने बच्चों व उनके परिजनों से हालचाल जाना। नूडल्स, चाऊमीन, तेल के सैंपल लिए : खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश डोंगरे ने बताया कि किरनापुर पुलिस ने कांद्रीकलां निवासी दुकानदार चंद्रकुमार भोंगाडे को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है।
विभाग ने उसके पास से नूडल्स, चाऊमीन, तेल, मिर्च-मसाले, सास आदि के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। चंद्रकुमार लगभग 12 सालों से ‘हर्षित फास्ट फूड’ के नाम से मेला, मड़ई और बाजारों में ठेला लगाकर चाऊमीन और नूडल्स बेच रहा था, लेकिन उसके पास फूड लाइसेंस नहीं था।