प्यार की खातिर 'पहचान' कुर्बान... अशोकनगर की लड़की ने सर्जरी कराकर बदला जेंडर, असम की युवती संग रचाया ब्याह
मध्य प्रदेश के अशोकनगर की नेनशु ने अपने प्यार को पाने के लिए जेंडर चेंज सर्जरी करवाई। अब 'नमन' बन चुके नेनशु ने असम की अनीता राजवर से शादी कर ली है। उन्होंने तीन साल तक छोटी-छोटी नौकरियां कर सर्जरी के लिए छह लाख रुपये जुटाए। यह कहानी सामाजिक रूढ़ियों को चुनौती देती है और सच्चे प्यार की ताकत को दर्शाती है।

पूर्व में नेनशू कुछ इस तरह से दिखई देती थी, जिसने अब 'नमन' बनकर असम की अनीता से शादी कर ली।
HighLights
नेनशु ने प्यार के लिए जेंडर चेंज सर्जरी करवाई।
अब 'नमन' बनकर असम की अनीता राजवर से शादी की।
सर्जरी के लिए तीन साल तक छह लाख रुपये जुटाए।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। कहते हैं सच्चा प्यार किसी सीमा, परंपरा या पहचान का मोहताज नहीं होता। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले की पिपरई तहसील के बरखेड़ा गांव से सामने आई यह कहानी इसी सोच को नई परिभाषा देती है। यहां की 25 वर्षीय नेनशु ने अपने प्यार को मुकम्मल करने के लिए न केवल सामाजिक रूढ़ियों को चुनौती दी, बल्कि अपनी पहचान भी बदल ली। जेंडर चेंज सर्जरी के बाद नेनशु अब ‘नमन’ बन चुके हैं और असम की अनीता राजवर के साथ वैवाहिक जीवन की शुरुआत कर ली है।
शुरु से लड़कों जैसे हाव-भाव
नमन का कहना है कि उनका जन्म भले ही लड़की के रूप में हुआ हो, लेकिन उनकी भावनाएं हमेशा से पुरुष जैसी थीं। करीब तीन साल पहले पढ़ाई के सिलसिले में वे इंदौर पहुंचे, जहां सोशल मीडिया के माध्यम से असम निवासी अनीता राजवर से उनकी पहचान हुई। बातचीत बढ़ी, दोस्ती गहरी हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया।
नहीं हारी हिम्मत
दोनों एक-दूसरे के साथ जीवन बिताना चाहते थे, लेकिन समाज में पति-पत्नी के रूप में पहचान पाने के लिए जेंडर चेंज सर्जरी को जरूरी समझा गया। दिल्ली के डॉक्टरों ने इस सर्जरी पर करीब छह लाख रुपये का खर्च बताया। मध्यमवर्गीय परिवार के लिए यह रकम आसान नहीं थी, लेकिन नमन और अनीता ने हिम्मत नहीं हारी।
सर्जरी के लिए मिलकर जुटाई रकम
तीन साल तक दोनों ने इंदौर में छोटी-छोटी नौकरियां कीं, खर्चों में कटौती की और एक-एक रुपया जोड़कर सर्जरी के लिए रकम जुटाई। पैसे पूरे होने पर नमन दिल्ली गए, जहां करीब पांच महीनों के भीतर तीन जटिल सर्जरियां की गईं। इस दौरान शारीरिक पीड़ा और मानसिक तनाव से गुजरते हुए भी अनीता हर कदम पर उनके साथ रहीं।
यह भी पढ़ें- भोपाल में SI बनते ही पत्नी के बदले तेवर, धोती-कुर्ता और चुटिया धारी पुरोहित पति पर आने लगी शर्म, तलाक तक पहुंची नौबत
सर्जरी और इलाज पूरा होने के बाद नेनशु आधिकारिक रूप से ‘नमन’ बन गए। अब दोनों साथ मिलकर नई जिंदगी की शुरुआत कर चुके हैं। उनकी कहानी न सिर्फ प्रेम की ताकत को दर्शाती है, बल्कि यह भी बताती है कि जब इरादे मजबूत हों, तो हर मुश्किल रास्ता आसान हो सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।