इंदौर (जागरण डेस्क)। इंदौर में एक 54 साल के व्यक्ति ने बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप जीतीं। बता दें कि इनका नाम तहजीब काजी है और ये इंदौर में थाना प्रभारी के पद पर तैनात हैं। वहीं, जब अपने से आधी उम्र के बॉडी बिल्डर के बीच काजी स्टेज पर पहुंचे तो लोगों के लिए अचरज पैदा करने वाली स्थिति थी। इस दौरान लोग उनके लिए तालियां और सीटी बजाते हुए दिखाई दिए।

बता दें कि टीआई मास्टर तहजीब काजी (सीनियर) ग्रुप में प्रथम स्थान और प्रतियोगिता में चैंपियन आफ चैंपियन से नवाजे गए हैं।

वहीं, संयोगितागंज थाना टीआई तहजीब काजी पूरे शहर में अपनी फिटनेस के लिए जाने जाते हैं। शनिवार शाम वे इलाके में घूम रहे थे तो उन्होंने नेहरूो स्टेडियम में बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता देखी।

इस दौरान उनके ट्रेनर रवि ने उनसे कहा कि आप की फिटनेस तो काफी बेहतर है। उस वक्त प्रतियोगिता शुरू होने में समय था। जिसके बाद तहजीब काजी ने प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 500 रुपए जमा करवा कर अफना रजिस्ट्रेशन करवा लिया।

प्रतियोगिता वाले दिन जैसे ही काजी स्टेज पर पहुंचे, उनके समर्थन मे तालियां और सीटी बजने लगी। काजी ने शरीर साधकों के बीच अपने शरीर के कट्स दिखाए। बता दें कि काजी को प्रतियोगिता में दो आवार्ड मिले हैं। सीनियर में उन्हें मास्टर और पूरी प्रतियोगिता में चैंपियन ऑफ चैंपियन का प्रमाण पत्र दिया गया है। इस प्रतियोगिता में 19 साल से लेकर 55 साल तक के बॉडी बिल्डरों ने भाग लिया था।

1999 से एक रफ्तार से दौड़ रहे टीआई काजी

टीआई तहजीब काजी 1999 बैच के हैं। एसआई से भर्ती हुए टीआई ने 1999 में पांच मिनट में 1500 मीटर की दौड़ पूरी की थी। 54 साल की उम्र में भी उनकी दौड़ की रफ्तार बरकरार है। काजी इसके पहले एमआइजी और विजय नगर थाना में पदस्थ रहे हैं। यहां तो वे बीआरटीएस पर ही दौड़ लगाते थे।

संयोगितागंज थाना जाने के बाद उन्होंने थाना परिसर में जिम बना लिया। स्टाफ को भी नियमित फिट रहने की सीख देते हैं। वे रोजाना एक घंटा वर्कआउट करते हैं। 40 मिनट वर्जिश और 20 मिनट तक नेहरू स्टेडियम में दौड़ते हैं।

Edited By: Versha Singh