Madhya Pradesh: खेत की रखवाली कर रहे दो किसानों की गला काटकर हत्या
Madhya Pradesh खेत की रखवाली कर रहे दो किसानों की गला काटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना मध्य प्रदेश में निवाड़ी के पृथ्वीपुर इलाके की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भोपाल, आइएएनएस। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर इलाके में अज्ञात हमलावरों ने दो किसानों की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, घटना मंगलवार और बुधवार रात की है। दोनों किसान खेत में फसलों की रखवाली कर रहे थे, इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई। पृथ्वीपुर मध्य प्रदेश के तीन विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। यहां 30 अक्टूबर को उपचुनाव होने हैं। चौंकाने वाली घटना उपचुनाव से ठीक 10 दिन पहले हुई। पुलिस ने बताया कि घटना लाडवारी खास में हुई। यह गांव जिला मुख्यालय से लगभग 25 किमी दूर है। यहां दो किसानों की अज्ञात लोगों ने उस समय गला काटकर हत्या कर दी, जब वे अपनी फसलों की एक खेत में रखवाली रहे थे। हत्या का कारण अभी तक ज्ञात नहीं है।
हत्या का मामला दर्ज
निवारी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्रपाल सिंह डाबर ने कहा कि अभी भी जांच की जा रही है। मारे गए किसानों की पहचान सूरी केवट (50) और काशी केवट (40) के रूप में हुई है। पृथ्वीपुर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। हमलावरों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। हालांकि अभी तक हमलावरों का कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस इस मामले में शक के आधार पर कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इस मामल में पुलिस को शीघ्र ही बड़े खुलासे की उम्मीद है। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोमवार को पृथ्वीपुर में एक चुनावी रैली की, जिसमें उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर कांग्रेस उम्मीदवार को प्रभावित करने का आरोप लगाया। हाल ही में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनावी रैली में एक सार्वजनिक रैली की थी। पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र से शिशुपाल सिंह यादव भाजपा के उम्मीदवार हैं, जबकि नितेंद्र सिंह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।