व्यायाम करते समय संगीत सुनने से मस्तिष्क की तरंगों में होता है परिवर्तन

ब्रिटेन की ब्रूनेल यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों द्वारा किए अध्ययन में आया सामने, संगीत सुनने से ध्यान बंटता है लेकिन बढ़ जाता है आनंद का स्तर

By Sanjay PokhriyalEdited By: Publish:Tue, 20 Feb 2018 02:44 PM (IST) Updated:Tue, 20 Feb 2018 02:46 PM (IST)
व्यायाम करते समय संगीत सुनने से मस्तिष्क की तरंगों में होता है परिवर्तन
व्यायाम करते समय संगीत सुनने से मस्तिष्क की तरंगों में होता है परिवर्तन

लंदन (प्रेट्र)। विभिन्न अध्ययनों के आधार पर वैज्ञानिक पहले ही यह बता चुके हैं कि संगीत मनुष्य के मन को शांत करने और तनाव दूर करने का अच्छा तरीका है। अब एक नए अध्ययन में सामने आया है कि व्यायाम करते हुए संगीत सुनने से मस्तिष्क की तरंगें प्रभावित होती हैं। अध्ययन में बताया गया है कि हालांकि व्यायाम के साथ संगीत सुनने से हमारा ध्यान थोड़ा अधिक बंट जाता है, लेकिन इससे आनंद के स्तर में भी बढ़ोतरी होती है।

पूर्व में हुए अध्ययनों में यह साबित हो चुका है कि व्यायाम करते हुए संगीत सुनने का प्रभाव चमत्कारी होता है। 2012 में हुए एक अध्ययन में संगीत को प्रदर्शन सुधारने वाली दवा, थकान मिटाने और सकारात्मकता का संचार करने के उपाय के तौर बताया गया था। अब इस नवीन अध्ययन ने एक कदम आगे बढ़ते हुए संगीत के बारे में और अच्छी बात सामने रखी है।

ब्रिटेन की ब्रूनेल यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने ईईजी की मदद से मस्तिष्क की तरंगों में होने वाले बदलावों का पता लगाया। इसके जरिए खुले स्थान पर संगीत के साथ व्यायाम करने या बिना किसी संगीत के व्यायाम करते हुए मस्तिष्क तरंगों में होने बदलावों पर अध्ययन किया गया।

यह आया परिणाम

वैज्ञानिकों के मुताबिक, अध्ययन में सामने आया कि संगीत से मस्तिष्क की तरंगों में बदलाव आया। इससे व्यायाम में आनंद की अनुभूति का स्तर 28 फीसद बढ़ गया। बिना संगीत के खुले वातावरण में व्यायाम करने वालों में आनंद का स्तर केवल 13 फीसद बढ़ा था। इस आधार पर वैज्ञानिकों ने व्यायाम के साथ संगीत सुनने की सलाह दी है ताकि ज्यादा रिलेक्स हो सकें। 

chat bot
आपका साथी