राष्‍ट्रपति चुनाव: पुतिन का नागरिकों से अनुरोध, रूस के भावी विकास के लिए करें वोट

राष्‍ट्रपति चुनाव में पुतिन का सात अन्‍य उम्‍मीदवारों से मुकाबला है। मगर उनके जीतने की पूरी संभावना है।

By Pratibha KumariEdited By: Publish:Fri, 16 Mar 2018 01:20 PM (IST) Updated:Fri, 16 Mar 2018 01:22 PM (IST)
राष्‍ट्रपति चुनाव: पुतिन का नागरिकों से अनुरोध, रूस के भावी विकास के लिए करें वोट
राष्‍ट्रपति चुनाव: पुतिन का नागरिकों से अनुरोध, रूस के भावी विकास के लिए करें वोट

मास्‍को, आइएएनएस। रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने देश के भावी विकास के लिए आम नागरिकों से रविवार को राष्‍ट्रपति चुनाव में वोट देने का अनुरोध किया है। उन्‍होंने मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा राष्‍ट्रपति के रूप में मैं आप सभी से रविवार को पोलिंग बूथों पर जाने का अनुरोध करता हूं। अपने महान और प्‍यारे रूस के भविष्‍य के लिए अपने अधिकार का इस्‍तेमाल कीजिए।

शिन्‍हुआ न्‍यूज एजेंसी के अनुसार, राष्‍ट्रपति पुतिन ने अपने संबोधन में कहा कि रूसी संघ का संविधान कहता है कि हमारी ताकत का एकमात्र स्रोत आम लोग हैं और रूस व हमारे बच्‍चों का भविष्‍य हर रूसी नागरिक की इच्‍छा पर निर्भर करता है।

गौरतलब है कि राष्‍ट्रपति चुनाव में पुतिन का सात अन्‍य उम्‍मीदवारों से मुकाबला है। मगर उनके जीतने की पूरी संभावना है। रूसी मतदाता राष्ट्रपति पुतिन को एक और कार्यकाल का मौका देने को तैयार दिख रहे हैं। वह पुतिन को पश्चिम के देशों के खिलाफ खड़े होने का श्रेय देते हैं। जबकि पश्चिमी देश पुतिन को खतरनाक तानाशाह के रूप में देखते हैं। यह चुनाव ऐसे समय में हो रहा है, जब रूस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीरिया युद्ध और पूर्व रूसी जासूस को जहर देने के मामले में ब्रिटेन के साथ तनाव में उलझा हुआ है।

चुनाव सर्वेक्षणों के मुताबिक, 65 वर्षीय पुतिन को शानदार बढ़त है। इस जीत के साथ वह छह साल के एक और कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति बन जाएंगे। इस तरह सत्ता में उनका करीब 25 वर्ष पूरा हो जाएगा। ऐसा करने वाले वह जोसेफ स्टालिन के बाद दूसरे रूसी नेता होंगे। चुनाव प्रचार के दौरान पुतिन ने खुद को शत्रु दुनिया में रूस के राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने वाला एकमात्र व्यक्ति बताया है।

chat bot
आपका साथी