Terror Funding Case: हाफिज सईद के खिलाफ पाकिस्तानी अफसरों ने दी कोर्ट में गवाही

लश्कर ने ही 2008 के मुंबई हमले को अंजाम दिया था जिसमें छह अमेरिकी नागरिकों समेत 166 लोग मारे गए थे।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Wed, 08 Jan 2020 07:44 PM (IST) Updated:Wed, 08 Jan 2020 07:44 PM (IST)
Terror Funding Case: हाफिज सईद के खिलाफ पाकिस्तानी अफसरों ने दी कोर्ट में गवाही
Terror Funding Case: हाफिज सईद के खिलाफ पाकिस्तानी अफसरों ने दी कोर्ट में गवाही

लाहौर, प्रेट्र। आतंकी संगठनों को धन मुहैया कराने के मामले में मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद और उसके साथियों के खिलाफ राजस्व अधिकारियों समेत छह लोगों ने अदालत में गवाही दी है। अभियोजन पक्ष ने अदालत में इन लोगों को गवाह के तौर पर पेश किया था।

आतंकियों को धन मुहैया कराने के मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ अधिकारियों ने दी गवाही

लाहौर की आतंकवाद निरोधी अदालत ने बीती 11 दिसंबर को सईद और उसके नजदीकी हाफिज अब्दुल सलाम, मुहम्मद अशरफ और जफर इकबाल के खिलाफ आतंकियों को धन मुहैया कराने के मामले में आरोप तय किए थे। अदालत के अधिकारी ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को पंजाब के राजस्व विभाग के अधिकारियों समेत छह लोगों ने चारों आरोपियों के खिलाफ गवाही दी।

धन के लेन-देन से संबंधित दस्तावेज कोर्ट में दाखिल

इस दौरान राजस्व अधिकारियों ने अदालत में ऐसे दस्तावेज भी दाखिल किए जिनसे उनके बयान की पुष्टि होती है। ये दस्तावेज सईद के प्रतिबंधित संगठन जमात-उद-दावा के केंद्रों, सहयोगी संगठनों और लाहौर की मस्जिदों से संबंधित हैं। इनके जरिये धन का लेन-देन किया जाता था।

धन उगाही के तरीकों के जानकार गवाह भी हुए पेश

पंजाब पुलिस के आतंकवाद निरोधी विभाग ने उन गवाहों को भी पेश किया जिन्होंने धन उगाही के तरीकों के बारे में बताया। बाद में एकत्रित धनराशि को आतंकी संगठनों को दे दिया जाता था। गवाही के दौरान सईद और उसके साथियों के वकीलों ने गवाहों से सवाल भी पूछे। यह प्रक्रिया कई घंटे चली। इसके बाद न्यायाधीश अरशद हुसैन भुट्टा ने गुरुवार तक के लिए अदालत स्थगित कर दी।

सुनवाई के दौरान सईद और उसके साथी अदालत में मौजूद थे

सुनवाई के दौरान सईद और उसके साथी भी अदालत में मौजूद थे। इस दौरान अदालत में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। आतंकवाद निरोधी विभाग ने सईद और उसके साथियों के खिलाफ विभिन्न शहरों में 23 एफआइआर दर्ज की हैं। इन्हीं के आधार पर 17 जुलाई को सईद को गिरफ्तार किया गया था। इस समय वह लाहौर की कोट लखपत जेल में निरुद्ध है।

लश्कर ने भारत में दर्जनों आतंकी हमलों को दिया अंजाम

माना जाता है कि जमात-उद-दावा वह संगठन है जो आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के लिए धन का इंतजाम करता था। लश्कर ने ही 2008 के मुंबई हमले को अंजाम दिया था जिसमें छह अमेरिकी नागरिकों समेत 166 लोग मारे गए थे। लश्कर ने भारत में दर्जनों अन्य आतंकी हमलों को भी अंजाम दिया है।

chat bot
आपका साथी