पाकिस्तान विरोधी हैं भारत और अमेरिका के संबंध : मुशर्रफ

पाकिस्तान के पूर्व सैन्य तानाशाह परवेज मुशर्रफ ने कहा कि अमेरिका के भारत के साथ संबंध पाकिस्तान विरोधी हैं।

By Manish NegiEdited By: Publish:Sat, 26 May 2018 07:04 PM (IST) Updated:Sat, 26 May 2018 07:04 PM (IST)
पाकिस्तान विरोधी हैं भारत और अमेरिका के संबंध : मुशर्रफ
पाकिस्तान विरोधी हैं भारत और अमेरिका के संबंध : मुशर्रफ

इस्लामाबाद, प्रेट्र। अमेरिका पाकिस्तान को अपनी जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल करता है। जब उसे पाकिस्तान की जरूरत नहीं रहती है तब वह उसे गच्चा दे देता है। यह बात पाकिस्तान के पूर्व सैन्य तानाशाह परवेज मुशर्रफ ने कही है। उन्होंने कहा, अमेरिका के भारत के साथ संबंध पाकिस्तान विरोधी हैं।
वायस ऑफ अमेरिका के साथ साक्षात्कार में मुशर्रफ ने कहा, पाकिस्तान और अमेरिका के रिश्ते गिरावट की ओर हैं और निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। पाकिस्तान में देशद्रोह के मुकदमे का सामना कर रहे 74 वर्षीय पूर्व सेना प्रमुख मुशर्रफ पिछले एक साल से दुबई में रह रहे हैं। वह अदालत से इलाज की अनुमति लेकर दुबई आए थे लेकिन वापस नहीं गए। अमेरिका के साथ रिश्तों पर मुशर्रफ ने कहा, दोनों देशों के अधिकारी बैठें और अपने मतभेद खत्म करें। अफगानिस्तान को लेकर दोनों देशों की जो अपेक्षाएं हैं उन पर खुलकर बात होनी चाहिए।
एक सवाल के जवाब में मुशर्रफ ने कहा, शीतयुद्ध काल से ही अमेरिका खुले तौर पर भारत की मदद कर रहा है। अब वह भारत के साथ संबंध और बढ़ा रहा है। दोनों देशों के रिश्ते पाकिस्तान के खिलाफ हैं। इनका पाकिस्तान पर सीधा असर पड़ रहा है। हम चाहते हैं कि संयुक्त राष्ट्र अफगानिस्तान में भारत की भूमिका का परीक्षण करे। किसी मामले में एकतरफा सोच रखना, समस्या को बढ़ाता है। पाकिस्तान के लोग नहीं समझ पा रहे हैं कि अमेरिका हमें क्यों गच्चा दे रहे है, क्यों हमें पीछे करने में लगा हुआ है।

अफरीदी और फजलुल्ला की अदला-बदली हो
परवेज मुशर्रफ ने अल कायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन के खिलाफ कार्रवाई में अमेरिकी खुफिया संगठन सीआइए की मदद करने वाले डॉ. शकील अफरीदी को रिहा किए जाने का सुझाव दिया है। लादेन को मारे जाने के बाद डॉ. अफरीदी को पाकिस्तान सरकार ने जेल में डाल दिया था, उन्हें अमेरिका रिहा करने की मांग कर रहा है। बदले में तहरीक-ए-तालिबान (पाकिस्तान) के प्रमुख मुल्ला फजलुल्ला को सौंपे जाने की बात कहनी चाहिए। फजलुल्ला अमेरिका की हिरासत में है।

chat bot
आपका साथी