WHO की बैठक वर्ल्ड हेल्थ असेंबली में शामिल नहीं होगा ताइवान

ताइवान पिछले सालों में वर्ल्ड हेल्थ असेंबली में एक ऑब्जर्वर के तौर पर था लेकिन 2016 में चीन ने ताइवान की उपस्थिति पर रोक लगा दी थी।

By Neel RajputEdited By: Publish:Mon, 18 May 2020 03:59 PM (IST) Updated:Mon, 18 May 2020 03:59 PM (IST)
WHO की बैठक वर्ल्ड हेल्थ असेंबली में शामिल नहीं होगा ताइवान
WHO की बैठक वर्ल्ड हेल्थ असेंबली में शामिल नहीं होगा ताइवान

ताइपे, एपी। ताइवान विश्व स्वास्थ्य संगठन की तरफ से होने जा रही वर्ल्ड हेल्थ असेंबली में शामिल नहीं होने वाला है। ताइवान के विदेश मंत्री जोसेफ वू ने कहा कि उनका देश डब्ल्यूएचए में हिस्सा नहीं लेगा लेकिन वह दूसरे देशों में चिकित्सा आपूर्ति जारी रखेगा और चीन के दोहरे व्यवहार का विरोध करेगा, जो इस तरह के मंचों से उसे दूर रखता है।

जोसेफ ने कहा कि वह इस बात पर सहमत हैं कि बैठक में उसकी भागीदारी को लेकर साल के अंत में चर्चा की जाएगी जब कोरोना पर थोड़ा नियंत्रण किया जा सकेगा।

ताइवान की संयुक्त राष्ट्र की सीट 1971 में चीन को सौंप दी गई थी और इसे अपना क्षेत्र बताने वाला बीजिंग, ताइवान को यूएन निकायों में राजनयिक संबंधों या सदस्यता का कोई अधिकार नहीं देता है। ताइवान पिछले सालों में वर्ल्ड हेल्थ असेंबली में एक ऑब्जर्वर के तौर पर था लेकिन 2016 में चीन ने ताइवान की उपस्थिति पर रोक लगा दी थी।

वू ने कहा कि उनके मंत्रालय ने विश्व स्वास्थ्य संगठन को लेकर गहरा खेद और असंतोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन सचिवालय ने चीन सरकार के दबाव में ताइवान के 2 करोड़ 30 लाख लोगों के स्वास्थ्य के अधिकार को नजरअंदाज किया है।

डब्ल्यूएचओ से अपने बहिष्कार के बावजूद, ताइवान संयुक्त राज्य अमेरिका और कई यूरोपीय देशों के साथ मिलकर कोरोना के खिलाफ काम कर रहा है। वह COVID-19 की परीक्षण किट, वैक्सीन और दवाइयां विकसित करने में दूसरे देशों के साथ काम कर रहा है। वू ने कहा कि ताइवान ने करीब 2 करोड़ 70 लाख से ज्यादा फेस मास्क, 131 इंफ्रारेड थर्मल इमेजिंग कैमरे, 35,000 थर्मामीटर और 250 ऑटोमेटिक बॉडी टेंपरेचर डिटेक्शन सिस्टम दूसरे देशों को दान किए हैं।

इसके अलावा 2 करोड़ 30 लाख से ज्यादा सर्जिकल मास्क, लाखों एन 95 मास्क, 170,000 सुरक्षात्मक गाउन, 600,000 आइसोलेशन गाउन, 70 रेस्पिरेटर, 34 पीसीआर टेस्ट डिवाइस और 500,000 क्विनिन टैबलेट दान करने की योजना है।

chat bot
आपका साथी