सोमालिया में सैन्य अड्डे पर आत्मघाती हमला, आठ जवानों की मौत, अल-शबाब ने ली जिम्मेदारी

आतंकी संगठन अलकायदा से जुड़ा अल-शबाब वर्ष 2008 से ही सोमालिया में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार को हटाने के लिए संघर्ष कर रहा है।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sat, 08 Aug 2020 06:39 PM (IST) Updated:Sat, 08 Aug 2020 06:39 PM (IST)
सोमालिया में सैन्य अड्डे पर आत्मघाती हमला, आठ जवानों की मौत, अल-शबाब ने ली जिम्मेदारी
सोमालिया में सैन्य अड्डे पर आत्मघाती हमला, आठ जवानों की मौत, अल-शबाब ने ली जिम्मेदारी

मोगादिशू, एजेंसियां। सोमालिया की राजधानी मोगादिशू में शनिवार को हुए आत्मघाती हमले में एक सैन्य अड्डे को निशाना बनाया गया। आत्मघाती हमलावर ने सैन्य अड्डे के गेट पर विस्फोटकों से भरे ट्रक से धमाका कर दिया। इसमें आठ सैनिकों की मौत हो गई और 14 घायल हो गए। आतंकी संगठन अल-शबाब ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।

सैन्य अधिकारी ने कहा- मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है

सैन्य अधिकारी मेजर अब्दुल्लाही महमूद ने कहा कि यह आतंकी हमला था। इसमें मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। जबकि एक अन्य अधिकारी ने बताया कि हमलावर ने शहर के वर्ता नवादा जिले में नवनिर्मित स्टेडियम के समीप स्थित सैन्य अड्डे को निशाना बनाया।

सैन्य गाड़ियों से खून से लथपथ सैनिकों को अस्पताल पहुंचाया गया

घटनास्थल के पास रहने वाली हलीमा नाम की महिला ने कहा, 'धमाके के बाद सैनिकों ने फायरिंग की। हम डर से घरों के अंदर छुप गए थे। थोड़ी देर बाद सैन्य गाड़ियों से खून से लथपथ सैनिकों को अस्पताल ले जाया गया। मैं यह नहीं बता सकती कि इनमें कितने मृत और घायल थे।'

आतंकी संगठन अल-शबाब सोमालिया में अपना शासन चलाना चाहता है

बता दें कि आतंकी संगठन अलकायदा से जुड़ा अल-शबाब वर्ष 2008 से ही सोमालिया में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार को हटाने के लिए संघर्ष कर रहा है। वह इस देश में अपना शासन चलाना चाहता है।

chat bot
आपका साथी