पुतिन के कट्टर आलोचक नवेलनी को इलाज के लिए जर्मनी ले जाया गया, रूसी डॉक्‍टरों पर देरी का आरोप

रूस के विपक्षी नेता एवं व्लादिमीर पुतिन के कट्टर आलोचक एलेक्सी नवलनी को इलाज के लिए साइबेरिया से जर्मनी ले जाया गया है। रूसी डॉक्‍टरों पर देरी का आरोप...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sun, 23 Aug 2020 01:24 AM (IST) Updated:Sun, 23 Aug 2020 04:33 AM (IST)
पुतिन के कट्टर आलोचक नवेलनी को इलाज के लिए जर्मनी ले जाया गया, रूसी डॉक्‍टरों पर देरी का आरोप
पुतिन के कट्टर आलोचक नवेलनी को इलाज के लिए जर्मनी ले जाया गया, रूसी डॉक्‍टरों पर देरी का आरोप

बर्लिन, आईएएनएस। जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे रूस के विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी को शनिवार को इलाज के लिए साइबेरिया से जर्मनी ले जाया गया। नवेलनी को जर्मनी ले जाने के लिए विमान की व्यवस्था जर्मन एनजीओ सिनेमा फॉर पीस ने की। विमान बर्लिन के टेगेल हवाईअड्डे पर उतरा। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के कट्टर आलोचक माने जानें वाले 44 वर्षीय नवेलनी का इलाज जर्मनी की राजधानी के एक चैरिटी अस्पताल में हो रहा है।

एलेक्सी नवलनी की प्रवक्ता कीरा यारम्यश ने ट्वीट कर कहा कि समर्थन देने के लिए सभी का बहुत बहुत शुक्रिया। एलेक्सी की जिंदगी और स्वास्थ्य की लड़ाई बस शुरू हो रही है। यारमिश ने रूसी डॉक्‍टरों पर डिस्‍चार्ज करने में देरी का आरोप भी लगाया। उन्‍होंने कहा कि यह अफसोस की बात है कि रूसी डॉक्टरों ने उनकी उड़ान को मंजूरी देने में इतना समय लगा दिया जबकि शुक्रवार सुबह ही सारे दस्तावेज तैयार हो गए थे।

बता दें कि टॉम्स्क से मॉस्को जाने वाली उड़ान के दौरान एलेक्सी नवलनी बीमार पड़ गए थे। नवेलनी गुरुवार से ही कोमा में हैं। उनके विमान ने ओम्स्क साइबेरिया में एक इमरजेंसी लैंडिंग की थी। सोशल मीडिया पर आई एक तस्वीर में उड़ान से पहले टॉम्स्क हवाईअड्डे के कैफे में वह चाय पीते नजर आ रहे हैं। एलेक्सी नवलनी के समर्थकों का मानना है कि उन्हें जहर दिया गया था और इसके पीछे क्रेमलिन का हाथ है।

नवलनी का इलाज साइबेरिया के ओम्स्क शहर के एक अस्‍पताल में किया जा रहा था। उनका इलाज कर रहे रूसी डॉक्टरों ने कहा था कि इस समय उनको दूसरी जगह भेजना घातक हो सकता है। मुख्य चिकित्सक अलेक्जेंडर मुरखोवस्की ने चेतावनी दी थी कि नवेलनी के उड़ान भरने की सिफारिश नहीं की गई है लेकिन उनकी पत्नी अपने पति को जर्मन क्लिनिक में भर्ती करने पर जोर दे रही हैं।

उल्‍लेखनीय है कि नवेलनी ने रूस में आधिकारिक भ्रष्टाचार को उजागर करके खुद के लिए एक नाम बनाया है। उन्‍होंने पुतिन की युनाइटेड रशिया पार्टी को बदमाशों और चोरों की पार्टी कहा था। उन्हें कई बार जेल भी भेजा जा चुका है। अन्य विपक्षी हस्तियों ने भी इस मामले में क्रेमलिन (रूसी राष्ट्रपति का कार्यालय) का हाथ होने की आशंका जताई है। कीरा यारम्यश ने बताया कि उनके नेता ने विमान में सवार होने से पहले हवाई अड्डे पर स्थित कैफे से चाय पी थी। 

chat bot
आपका साथी