चीन में संक्रमण की रफ्तार हुई जीरो, ब्राजील में मृतकों की संख्या पहुंची 21 हजार से ज्यादा; जानें बाकी देशों का हाल

पिछले चौबीस घंटे के दौरान रूस में संक्रमण के 9434 नए मामले सामने आए हैं। इस तरह देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 335882 हो गई है।

By Dhyanendra SinghEdited By: Publish:Sat, 23 May 2020 07:57 PM (IST) Updated:Sat, 23 May 2020 08:01 PM (IST)
चीन में संक्रमण की रफ्तार हुई जीरो, ब्राजील में मृतकों की संख्या पहुंची 21 हजार से ज्यादा; जानें बाकी देशों का हाल
चीन में संक्रमण की रफ्तार हुई जीरो, ब्राजील में मृतकों की संख्या पहुंची 21 हजार से ज्यादा; जानें बाकी देशों का हाल

बर्लिन, एजेंसियां। ऐसा लगता है कि चीन ने वुहान से शुरू हुई कोरोना की महामारी को काबू में कर लिया है। पिछले चौबीस घंटे में चीन में संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया है। हालांकि लैटिन अमेरिकी देशों में महामारी चरम पर है। ब्राजील इससे सर्वाधिक प्रभावित है। उधर, लॉकडाउन के बाद जर्मनी में फिर से खोले गए रेस्तरां और चर्च में दूसरे दौर के संक्रमण का खतरा पनपता दिखाई दे रहा है। बता दें कि दुनियाभर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या जहां 53 लाख से ज्यादा हो गई वहीं मृतकों की तादाद 3.40 लाख के आंकड़े को पार कर गई है।

दरअसल, ऐतिहासिक मंदी का सामना कर रहीं कई देशों की सरकारें लॉकडाउन में छूट दे रही हैं, लेकिन दोबारा संक्रमण के मामले चिंता में डालने वाले हैं। जर्मनी के उत्तर पश्चिम में एक रेस्तरां में खाना खाने वाले सात लोग कोरोना से संक्रमित मिले। इसी तरह फ्रैंकफर्ट के एक चर्च में प्रार्थना सभा में भाग लेने वाले कई लोग कोरोना पॉजिटिव निकले। इनमें से छह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संक्रमण का पता चलने के बाद चर्च ने सभी तरह के कार्यक्रम रद कर दिए हैं। उधर, तुर्की ने संक्रमण से बचने के लिए शनिवार से सख्त लॉकडाउन का एलान किया है। यह प्रतिबंध ईद तक लागू रहेंगे। यमन के हूती विद्रोहियों ने भी नमाज के दौरान लोगों से मास्क और दूसरे उपाय अपनाने की अपील की है।

न्यूयॉर्क में समुद्र तट फिर से खोले गए

अमेरिकी उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने जॉर्जिया प्रांत द्वारा व्यवसायों को फिर से खोलने की प्रशंसा की है। उन्होंने शुक्रवार को अटलांटा कैफे में प्रांत के गवर्नर के साथ दोपहर का भोजन किया। उधर, मेमोरियल डे वीकेंड पर न्यूयॉर्क में समुद्र तट फिर से खोल दिए गए हैं। 

600 फीसद बढ़े दुर्भावनापूर्ण ई-मेल

संयुक्त राष्ट्र की निशस्त्रीकरण प्रमुख ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि कोरोना काल के दौरान दुर्भावनापूर्ण ई-मेल में जहां 600 फीसद की वृद्धि हुई हैं वहीं साइबर अपराध भी बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल निर्भरता बढ़ने से साइबर हमले की संभावना बढ़ गई है और ऐसा अनुमान है कि प्रत्येक 39 सेकेंड में इस तरह का एक हमला हो रहा है।

रूस में संक्रमण के 9,434 नए मामले

पिछले चौबीस घंटे के दौरान रूस में संक्रमण के 9,434 नए मामले सामने आए हैं। इस तरह देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 335,882 हो गई है। 139 लोगों की मौत भी हुई है। मरने वालों की कुल तादाद 3,388 हो गई है।

ब्राजील में मृतकों की संख्या 21 हजार से ज्यादा हुई

ब्राजील में संक्रमित मरीजों की संख्या 3,30,890 हो गई है। पिछले चौबीस घंटे में वहां 1001 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों की तादाद 21 हजार से ज्यादा हो गई है। इस बीच रियो डि जेनेरिया के मेयर ने कहा कि वे अगले कुछ दिनों में गैर आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को चरणबद्ध तरीके से खोलने की अनुमति देना चाहते हैं।

स्पेन में लॉकडाउन के खिलाफ प्रदर्शन

दक्षिणपंथी विचारधारा वाली वोक्स पार्टी ने स्पेन की राजधानी मैड्रिड में शनिवार को लॉकडाउन के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन किया। प्रदशर्नकारी प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज और उप प्रधानमंत्री पाब्लो इग्लियास के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। दरअसल, पूरे देश में 14 मार्च को लॉकडाउन का एलान किया गया था। बाद में इसमें चरणबद्ध तरीके से छूट दिए जाने का समय-समय पर एलान किया गया, लेकिन महामारी से बुरी तरह प्रभावित बार्सीलोना और मैड्रिड में अभी भी लॉकडाउन चल रहा है। 

कोरोना महामारी से जुड़े विश्वभर के प्रमुख बिंदु

-ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के मुख्य रणनीतिक सलाहकार डॉमिनिक कूमिंग्स पर लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगा है। विपक्षी पार्टियों ने पीएम बोरिस जॉनसन से उन्हें बर्खास्त करने की मांग की है।

-यरुशलम में पवित्र कब्र वाला चर्च (चर्च ऑफ द होली सेपुल्कर) रविवार को दो महीने बाद फिर से खुल जाएगा। इसी स्थान पर जीसस को सूली पर लटकाया और दफनाया गया था।

-सिंगापुर में संक्रमण के 642 नए मामले सामने आए हैं। अधिकांश मामले विदेशी कामगारों से जुड़े हैं। देश में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 31,068 हो गई है।

-इंडोनेशिया में पिछले चौबीस घंटे में 949 लोग संक्रमित हुए हैं और 25 लोगों की मौत हुई है।

-41 नए मामले सामने आने के बाद नेपाल में संक्रमित मरीजों की संख्या 548 हो गई है। अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है।

-चीन के शीर्ष रोग नियंत्रण अधिकारी गाओ फू ने कहा कि इतनी बड़ी महामारी के दौरान जनता द्वारा आलोचना करना सामान्य बात है।

-प्रतिबंध को न्यायिक चुनौती मिलने के बाद फ्रांस में शनिवार से चर्चो में पूजा की अनुमति दे दी गई।

-ईरान में शनिवार से व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ ही धार्मिक और सांस्कृति स्थल फिर से खुल गए।

-दक्षिण अफ्रीका के एक प्रभावशाली मुस्लिम संगठन ने लोगों से ईद से जुड़े पारंपरिक समारोहों में शामिल नहीं होने का आह्वान किया। उसका मानना है कि इससे बड़े पैमाने पर कोरोना फैलने का खतरा है।

-एक जून से वेटिकन म्यूजियम खुल जाएगा। प्रवेश से पहले सभी आंगतुकों का तापमान चेक किया जाएगा और सभी को मास्क पहनना होगा। 

देश                        मौतें                 संक्रमित

अमेरिका                97,687             1,647,043

ब्रिटेन                    36,393              254,195

इटली                    32,616              228,658

फ्रांस                     28,289             182,219

स्पेन                      28,628             281,904

ब्राजील                   21,215             334,777

बेल्जियम                9,237                56,810

जर्मनी                    8,353                179,758

ईरान                     7,359                133,521

रूस                      3,388                335,882

चीन                      4,634                 82,971

chat bot
आपका साथी