वेटिकन से जुड़े परिसर में मिले मानव अवशेष, खुल सकता है 35 साल पुराना मामला

जांचकर्ता खासतौर से इन अवशेषों का इमैनुएल ऑरलैंडी और मिरेला ग्रेगरी के डीएनए से मिलान करेंगे।

By Ravindra Pratap SingEdited By: Publish:Wed, 31 Oct 2018 04:28 PM (IST) Updated:Wed, 31 Oct 2018 07:51 PM (IST)
वेटिकन से जुड़े परिसर में मिले मानव अवशेष, खुल सकता है 35 साल पुराना मामला
वेटिकन से जुड़े परिसर में मिले मानव अवशेष, खुल सकता है 35 साल पुराना मामला

वेटिकन सिटी, एएफपी। वेटिकन से जुड़े एक परिसर में निर्माण कार्य के दौरान मानव अवशेष मिले हैं। इस बरामदगी से 35 साल पुराने इटली के सबसे बड़े रहस्यमय मामले से पर्दा उठ सकता है। 1983 में लापता हुई दो नाबालिग लड़कियों का मामला आज तक इटली की पुलिस के लिए अबूझ पहेली बना हुआ है। उम्मीद जताई जा रही है कि यह बरामदगी पुलिस जांच के लिए अहम कड़ी बन सकती है।

वेटिकन ने मंगलवार को एक बयान में कहा, 'इटली के एपोस्टॉलिक ननसियेचर से जुड़े एक परिसर में मरम्मत कार्य के दौरान मानव हड्डियों के टुकड़े पाए गए हैं।' रोम स्थित एपोस्टॉलिक ननसियेचर वेटिकन का कूटनीतिक मिशन है। मीडिया में आई खबरों के अनुसार, अवशेषों की खोज मंगलवार को हुई। पुलिस इनकी जांच-पड़ताल कर रही है।

जांचकर्ता खासतौर से इन अवशेषों का इमैनुएल ऑरलैंडी और मिरेला ग्रेगरी के डीएनए से मिलान करेंगे। ये दोनों 1983 में अलग-अलग मामलों में लापता हो गई थीं। इमैनुएल वेटिकन पुलिस के एक अधिकारी की बेटी थी। उसे अंतिम बार 22 जून, 1983 को उस समय देखा गया था जब वह म्यूजिक क्लास से लौट रही थी। उस समय वह महज 15 साल की थी।

इमैनुएल के लापता होने के पीछे दो कहानी
इमैनुएल के लापता होने को लेकर यह दावा किया जाता है कि उसे एक संगठित आपराधिक गिरोह ने इस मंशा के साथ अगवा कर लिया था कि एक कर्ज की वसूली के लिए वेटिकन के अधिकारियों पर दबाव बनाया जा सके। जबकि दूसरा दावा यह है कि उसे महमत अली नामक एक कैदी की रिहाई के लिए दबाव बनाने के लिए अगवा किया गया था। तुर्की मूल के अली ने साल 1981 में पोप जेन पॉल की हत्या का प्रयास किया था।

भाई ने वेटिकन पर लगाए थे आरोप
इमैनुएल के भाई पिएत्रो ने अपनी बहन की तलाश के लिए कई साल तक मुहिम चलाई। उसने वेटिकन पर इस मामले में चुप रहने का आरोप लगाया था।

इमैनुएल से 40 दिन पहले लापता हुई थी मिरेला
इमैनुएल के लापता होने से ठीक 40 दिन पहले मिरेला गायब हुई थी। उसकी मां का कहना है कि वह अपने एक दोस्त से मिलने गई थी। इसके बाद वह फिर कभी नहीं लौटी।

वेटिकन रोमन कैथोलिक चर्च का केंद्र
वेटिकन सिटी इटली की राजधानी रोम के अंदर स्थित है। यह दुनिया का सबसे छोटा देश है। इसका क्षेत्रफल महज 44 हेक्टेयर है और इसकी आबादी करीब एक हजार है। यह ईसाई समुदाय के रोमन कैथोलिक चर्च का केंद्र है।

chat bot
आपका साथी