अनावरण कुछ ही देर बाद आस्ट्रेलिया में गांधी की आदमकद प्रतिमा क्षतिग्रस्त, भारतवंशी क्रोधित

आस्ट्रेलिया के मेलबर्न में लगाई गई महात्मा गांधी की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। कांस्य की यह प्रतिमा भारत सरकार ने भेंट की थी। प्रधानमंत्री स्काट मारिसन ने इसे शर्मनाक हरकत करार दिया है। इस वारदात से भारतवंशियों में काफी आक्रोश है।

By Ramesh MishraEdited By: Publish:Mon, 15 Nov 2021 06:36 PM (IST) Updated:Mon, 15 Nov 2021 06:37 PM (IST)
अनावरण कुछ ही देर बाद आस्ट्रेलिया में गांधी की आदमकद प्रतिमा क्षतिग्रस्त, भारतवंशी क्रोधित
अनावरण कुछ ही देर बाद आस्ट्रेलिया में गांधी की आदमकद प्रतिमा क्षतिग्रस्त।

मेलबर्न, एजेंसी। आस्ट्रेलिया के मेलबर्न में लगाई गई महात्मा गांधी की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। कांस्य की यह प्रतिमा भारत सरकार ने भेंट की थी। प्रधानमंत्री स्काट मारिसन ने इसे शर्मनाक हरकत करार दिया है। इस वारदात से भारतवंशियों में काफी आक्रोश है। एज समाचार पत्र के अनुसार, आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री मारिसन द्वारा शुक्रवार को रोवविले में स्थित इंडियन कम्युनिटी सेंटर में प्रतिमा के अनावरण के कुछ ही देर बाद यह वारदात हुई। भारत की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में लगाई गई प्रतिमा के अनावरण समारोह में भारत के महावाणिज्यदूत राज कुमार व आस्ट्रेलिया के कई नेता मौजूद थे।

रविवार को प्रकाशित रिपोर्ट में मारिसन के हवाले से कहा गया, 'असम्मान का यह स्तर बेहद शर्मनाक और निराशाजनक है। जिसने भी भारत व आस्ट्रेलिया की संस्कृति के प्रति असम्मान दिखाया है उसे शर्मिदा होना चाहिए।' उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक प्रतीकों पर हमले कतई बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। आस्ट्रेलिया में दुनिया के कई देशों और संस्कृति के लोग एकसाथ रहते हैं। एबीसी न्यूज के अनुसार, विक्टोरिया पुलिस ने कहा कि शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे से शनिवार शाम साढ़े पांच बजे के बीच अज्ञात लोगों ने बिजली से चलने वाली मशीन की मदद से प्रतिमा को काटा है।

पुलिस ने बताया कि नाक्स क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनिट के जासूस मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने गवाहों से सामने आने की अपील की है। पुलिस को फिंगर प्रिंट नहीं मिले हैं, क्योंकि पूरे दिन वहां भारी बारिश हो रही थी। शहर में रहने वाले भारतीय समुदाय ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। फेडरेशन आफ इंडियन एसोसिएशन आफ विक्टोरिया के प्रेसिडेंट सूर्य प्रकाश सोनी के हवाले से एबीसी ने लिखा, 'भारतीय समुदाय हैरान व दुखी है। मुझे समझ में नहीं आ रहा है कि कोई ऐसी नीच व बर्बर हरकत क्यों करेगा।' उन्होंने बताया कि रोवविले सेंटर, स्टेट आफ विक्टोरिया का पहला इंडियन कम्युनिटी सेंटर है और 30 वर्षो के कठिन परिश्रम के बाद इसकी स्थापना हुई है। विक्टोरिया में करीब तीन लाख भारतीय रहते हैं।

chat bot
आपका साथी