जापान में क्रूज डायमंड प्रिंसेज पर फंसे चार और भारतीय संक्रमित, सभी चालक दल के सदस्य

जापान में क्रूज डायमंड प्रिंसेज पर फंसे चार और भारतीय संक्रमित सभी चालक दल के सदस्य

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sun, 23 Feb 2020 06:54 PM (IST) Updated:Sun, 23 Feb 2020 06:54 PM (IST)
जापान में क्रूज डायमंड प्रिंसेज पर फंसे चार और भारतीय संक्रमित, सभी चालक दल के सदस्य
जापान में क्रूज डायमंड प्रिंसेज पर फंसे चार और भारतीय संक्रमित, सभी चालक दल के सदस्य

टोक्यो, पीटीआइ। जापान के तट पर खड़े क्रूज पर फंसे चार और भारतीयों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी चालक दल से जुड़े हैं। नए मामलों को जोड़कर संक्रमित भारतीयों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। सभी का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। भारतीय दूतावास ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि क्रूज पर जो लोग संक्रमित नहीं मिले हैं, उन्हें जल्द ही घर जाने की सुविधा दी जाएगी।

एक हजार से ज्यादा यात्री मौजूद 

जापान के चीफ कैबिनेट सेकेट्री योशीहिदे सुगा ने कहा कि आइसोलेशन की अवधि समाप्त होने के बाद डायमंड प्रिंसेज क्रूज से जाने वाले यात्रियों में बीमारी के कोई लक्षण नहीं दिखाई पड़े हैं। जहाज पर अब भी एक हजार से ज्यादा यात्री और चालक दल के सदस्य मौजूद हैं। भारतीय दूतावास ने बताया कि क्रूज पर मौजूद सभी लोगों के नमूने लिए गए हैं, जिसकी 26 फरवरी तक रिपोर्ट आ जाएगी।

पांच फरवरी को योकोहामा तट पर पहुंचा था जहाज

यह क्रूज पांच फरवरी को जापान के योकोहामा तट पर पहुंचा था। तब इस क्रूज पर मौजूद कोई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं था। लेकिन हांगकांग में उतरे एक व्यक्ति का टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद क्रूज को 14 दिनों के लिए आइसोलेशन में कर दिया गया था। क्रूज पर यात्री और चालक दल सहित कुल 3711 लोग मौजूद थे। इनमें 138 भारतीय भी थे।

चीन में अब तक 2,442 की मौत

चीन में कोरोना वायरस की चपेट में आकर जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 2,442 हो गई है। पूरे देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 76,936 हो गए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) के विशेषज्ञों की एक टीम ने हुबेई प्रांत में कोरोना वायरस से बुरी तरह प्रभावित वुहान शहर का दौरा किया और स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों से बात की।

दक्षिण कोरिया ने जारी किया रेड अलर्ट

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे-इन ने कोरोना वायरस को लेकर देश में रेड अलर्ट जारी किया है। दक्षिण कोरिया में रविवार को कोरोना वायरस से दो और मौतों की पुष्टि हुई। साथ ही संक्रमण के 123 नए मामले सामने आए। इस तरह देश में संक्रमित लोगों की संख्या 556 हो गई है।

ईरान ने स्कूल और विश्वविद्यालय बंद किए

कोरोना वायरस से पांच मौतों के बाद ईरान ने अपने सभी 14 प्रांतों के स्कूल, विश्वविद्यालय और सांस्कृतिक केंद्र बंद कर दिए हैं। ईरान में बुधवार को संक्रमण का पहला मामला सामने आया था। अब संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। संक्रमण फैलने के डर से पड़ोसी देश इराक ने ईरान से आवाजाही पर रोक लगा दी है।  

chat bot
आपका साथी