ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति सिल्वा भ्रष्टाचार के दोषी, कोर्ट ने सुनाई 13 साल की सजा

ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति लुईस इनसिओ लूला दा सिल्वा को भ्रष्टाचार के एक और मामले में करीब 13 साल जेल की सजा सुनाई गई है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Thu, 07 Feb 2019 07:05 PM (IST) Updated:Thu, 07 Feb 2019 07:05 PM (IST)
ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति सिल्वा भ्रष्टाचार के दोषी, कोर्ट ने सुनाई 13 साल की सजा
ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति सिल्वा भ्रष्टाचार के दोषी, कोर्ट ने सुनाई 13 साल की सजा

द न्यूयॉर्क टाइम्स, साओ पाउलो। ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति लुईस इनसिओ लूला दा सिल्वा को भ्रष्टाचार के एक और मामले में करीब 13 साल जेल की सजा सुनाई गई है। वह भ्रष्टाचार के एक अन्य मामले में पिछले साल अप्रैल से ही जेल की सजा काट रहे हैं।   जज गैब्रियल हा‌र्ड्ट ने बुधवार को अपने फैसले में कहा, सिल्वा निर्माण कंपनियों से दो लाख 35 हजार डॉलर (करीब 1.67 करोड़ रुपये) की रिश्वत लेने के दोषी पाए गए। उन्हें 12 साल और 11 माह जेल की सजा सुनाई जाती है।

दो बार ब्राजील के राष्ट्रपति रहे सिल्वा को एक समय में इस लैटिन अमेरिकी देश का सबसे ताकतवर नेता माना जाता था, लेकिन 2011 में राष्ट्रपति पद से हटने के बाद वह भ्रष्टाचार के आरोपों में घिर गए। सिल्वा और उनके समर्थक यह दावा करते हैं कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। वे इन आरोपों को उन्हें सत्ता से दूर रखने की साजिश बताते हैं। सिल्वा (73) साल 2017 में ठेके देने के बदले निर्माण कंपनी ओएएस से समुद्र किनारे एक अपार्टमेंट लेने के दोषी पाए गए थे। इस मामले में उन्हें 12 साल एक माह की सजा सुनाई गई थी।

इससे पहले नवंबर 2018 में ब्राजील के दो पूर्व राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा और डिल्मा रूसेफ पर भ्रष्टाचार के मामले में मुकदमा शुरू किया गया था। दोनों पर सरकारी तेल कंपनी पेट्रोब्रास के जरिये रिश्वत लेने का आरोप है। दोनों की पार्टी 'वर्कर्स पार्टी' के अध्यक्ष और अन्य नेताओं पर भी इस मामले में आरोप लगे हैं। पार्टी ने हालांकि, इन मामलों को पक्षपात और घिनौनी चाल बताया था।

बता दें कि दोनों पूर्व राष्ट्रपतियों के खिलाफ अटार्नी जनरल रोडरिगो जैनोट ने शिकायत की थी। उनका आरोप था कि दोनों ने सरकारी तेल कंपनी के जरिये 39 करोड़ डॉलर की रिश्वत ली थी। संघीय अदालत ने उनकी शिकायत मंजूर करते हुए मुकदमा चलाने का आदेश दिया था।

chat bot
आपका साथी