हैती में भूकंप से मरने वालों की संख्या 1297 पहुंची, कम से कम 5700 लोग अब तक घायल

हैती में शनिवार को आए 7.2 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के कारण अब तक 1297 लोगों की मौत हो गई। आने वाले तूफान और उसके चलते मूसलाधार बारिश की आशंका के बीच बचाव अभियान तीव्र गति से चलाए जा रहे हैं।

By Shashank PandeyEdited By: Publish:Mon, 16 Aug 2021 01:59 PM (IST) Updated:Mon, 16 Aug 2021 01:59 PM (IST)
हैती में भूकंप से मरने वालों की संख्या 1297 पहुंची, कम से कम 5700 लोग अब तक घायल
भूकंप के कारण कम से कम 5,700 लोग घायल हुए।(फोटो: रायटर)

लेस काएस, एपी। हैती में 7.2 रिक्टर स्केल के आए भूकंप में मरने वालों की संख्या 1297 पहुंच गई है। यहां पर घायलों का आंकड़ा भी 5700 है। कैरेबियाई देश हैती में शक्तिशाली भूकंप तबाही करने वाला था, यहां गांव के गांव उजाड़ हो गए। हजारों की संख्या में लोग घरों के पूरी तरह नष्ट हो जाने के बाद विस्थापित हो गए हैं। भूकंप पीडि़तों को भीषण गर्मी में खुले आसमान के नीचे रहना पड़ रहा है।

कोरोना महामारी और हिंसा की घटनाओं के बीच इस प्राकृतिक आपदा में राहत कार्य में मुश्किल हो रही है। हैती में कुछ समय पहले ही राष्ट्रपति की हत्या कर दी गई थी। हैती के प्रधानमंत्री एरियल हेनरी ने पूरे देश में एक माह की आपातकाल की घोषणा की है। यहां के नागरिक सुरक्षा कार्यालय के अनुसार सात हजार से ज्यादा घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। पांच हजार घर क्षतिग्रस्त हैं. इसके साथ ही स्कूल, चर्च, अस्पतालों को भी नुकसान पहुंचा है। आपदा ऐसे समय में आई है, जब पूरा देश कोरोना महामारी से जूझ रहा है।

भीषण गर्मी के बावजूद लोग खुले में रहने को मजबूर हैं और मरीजों से पटे अस्पतालों में लोग इलाज के लिए इंतजार कर रहे हैं। इस हफ्ते की शुरुआत में संकट और भी बढ़ सकता है क्योंकि तूफान ग्रेस सोमवार रात तक हैती पहुंच सकता है। अमेरिका के राष्ट्रीय तूफान केंद्र ने रविवार को कहा कि तूफान बहुत शक्तिशाली नहीं होगा लेकिन मौसम विज्ञानियों ने आगाह किया है कि भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।

शनिवार को हैती के दक्षिणपश्चिम हिस्से में भूकंप आने से कई शहर लगभग पूरी तरह से तबाह हो चुके हैं और भूस्खलन होने से बचाव अभियान प्रभावित हो रहा है। भूकंप के कारण कोरोना वायरस महामारी से पहले से बुरी तरह प्रभावित हैती के लोगों की पीड़ा और भी बढ़ गई है।

chat bot
आपका साथी