15 साल की लड़की ने रचा खुद की किडनैपिंग का नाटक, कम नंबर आने पर पैरेंट्स से पड़ी थी डांट

दुबई में एक 15 साल की भारतीय लड़की को कम नंबर आने पर माता-पिता से डांट पड़ी तो उसने खुद की किडनैपिंग का नाटक रच दिया। घंटों तालाशी के बाद वह दुबई में उम्म सुकइम स्थित अपने घर के छत पर छिपी हुई मिली।

By TaniskEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 03:37 PM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 03:37 PM (IST)
15 साल की लड़की ने रचा खुद की किडनैपिंग का नाटक, कम नंबर आने पर पैरेंट्स से पड़ी थी डांट
माता-पिता से डांट पड़ने पर लड़की ने खुद की किडनैपिंग का नाटक रच दिया।

दुबई, पीटीआइ। दुबई में एक 15 साल की भारतीय लड़की को कम नंबर आने पर माता-पिता से डांट पड़ी, तो उसने खुद की किडनैपिंग का नाटक रच दिया। यह लड़की डांट खाने से ज्यादा मोबाइल फोन जब्त करने से गुस्से में थी। परेशान माता-पिता ने गुरुवार को उसके गायब होने सूचना पुलिस को दी। घंटों तालाशी के बाद वह दुबई में उम्म सुकइम (Umm Suqiem) स्थित अपने घर के छत पर छिपी हुई मिली। लड़की का नाम हरिनी करानी (Harini Karani) है। समाचार एजेंसी पीटीआइ ने मीडिया रिपोर्ट के हवाले से इसकी जानकारी दी है। 

गल्फ न्यूज के अनुसार दुबई पुलिस ने बताया कि लड़की गुरुवार की सुबह सैर करने के लिए गई। इसके बाद वह बहुत देर तक घर नहीं लौटी। परिवार के लोगों ने पहले तो उसे खोजने की बहुत कोशिश की। फिर न मिलने के बाद उसके लापता होने की सूचना पुलिस को दी। परिजन इस कदर परेशान थे कि उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर इस घटना को शेयर करके उसको ढूढ़ने में लोगों से मदद मांगी। पुलिस ने यह भी बताया कि लड़की के मां-बाप इस आशंका से परेशान थे कि कहीं वह गुस्से में अपने आप को नुकसान न पहुंचा ले।

गुरुवार रात को लड़की अपने घर के छत पर छिपी मिली

गल्फ न्यूज के अनुसार पुलिस ने आगे बताया कि परीक्षा में खराब ग्रेड आने पर माता-पिता ने उसे डांटा और उससे मोबाइल फोन भी छीन लिया था। इससे लड़की नाराज हो गई थी। इसके बाद ही उसके दिमाग में खुरापात सुझी और उसने अपने ही किडनैपिंग का नाटक रच दिया। वह अपने घर के छत पर छिप गई। दुबई पुलिस कुछ घंटों के भीतर उसके गायब होने की रहस्य को सुलझाने में कामयाब रही। गुरुवार रात को लड़की अपने घर के छत पर ही छिपी हुई मिली। उन्होंने बताया है कि अब लड़की अपने परिजनों के पास सुरक्षित लौट गई है। वह अल बरशा में यूके- करिक्यलम स्कूल (UK-curriculum school) में पढ़ाई करती है। 

chat bot
आपका साथी