कैथोलिक चर्च में पादरी और बिशप कर रहे हैं ननों का यौन शोषण : पोप फ्रांसिस

पोप फ्रांसिस ने मंगलवार को स्वीकार किया कि कैथोलिक चर्च में पादरियों और बिशप ने ननों का यौन उत्पीड़न किया है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Wed, 06 Feb 2019 11:53 PM (IST) Updated:Wed, 06 Feb 2019 11:53 PM (IST)
कैथोलिक चर्च में पादरी और बिशप कर रहे हैं ननों का यौन शोषण : पोप फ्रांसिस
कैथोलिक चर्च में पादरी और बिशप कर रहे हैं ननों का यौन शोषण : पोप फ्रांसिस

वेटिकन सिटी, एएफपी/एपी। पोप फ्रांसिस ने मंगलवार को स्वीकार किया कि कैथोलिक चर्च में पादरियों और बिशप ने ननों का यौन उत्पीड़न किया है। उन्होंने यह बात संयुक्त अरब अमीरात से लौटते समय हवाई यात्रा के दौरान पत्रकारों से कही। हालांकि, बुधवार को वेटिकन सिटी की तरफ से सफाई दी गई कि पोप ने यह बात शक्ति के दुरुपयोग के उदाहरण के तौर पर कही थी।

दरअसल, हाल ही में वेटिकन सिटी की महिलाओं पर केंद्रित एक पत्रिका में पादरियों द्वारा ननों के उत्पीड़न की बात सामने आई थी। इसमें कहा गया था कि ननों का गर्भपात कराया गया अथवा बच्चों की परवरिश उन्हें उनके पिता के बगैर ही करनी पड़ी। पिछले साल यह मामला चर्चा में तब आया था जब एक नन ने एक भारतीय पादरी पर लगातार यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।

वेटिकन के प्रवक्ता एलेसांद्रो गिसोट्टी ने बुधवार को पोप फ्रांसिस के बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि पोप ने जब ननों के यौन उत्पीड़न की बात कही थी तब इसका आशय शक्ति के दुरुपयोग से था। उन्होंने ननों के यौन उत्पीड़न का उदाहरण भर दिया था।

वेटिकन की महिला पत्रिका की संपादक लुसेटा स्कार्फिया ने बुधवार को कहा कि यह पहला मौका है जब पोप, बल्कि एक संस्था के रूप में चर्च ने भी सार्वजनिक रूप से इस दुरुपयोग को स्वीकार किया है। यह बेहद महत्वपूर्ण है।

यूएई यात्रा ईसाई और इस्लाम इतिहास में नया अध्याय जोड़ेगी : पोप
पोप फ्रांसिस ने कहा है कि उनका संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का दौरा ईसाइयत और इस्लाम के बीच संवाद के इतिहास में नया अध्याय जोड़ेगा। यह दोनों धर्मो के बीच भाईचारे के विकास में भी सहायक होगा। धर्मावलंबियों को संबोधित करते हुए पोप ने बुधवार को कहा कि यह पहला मौका है जब किसी पोप ने अरब द्वीप का दौरा किया। उनका यह दौरा और इस्लाम के धार्मिक नेताओं से मुलाकात मुसलमान और ईसाइयों के बीच के संघर्ष को भी रोकेगा।

chat bot
आपका साथी