Coronavirus: हुबेई में कल से खत्म होगा लॉकडाउन, वुहान में आठ अप्रैल से हटेगा प्रतिबंध

चीन ने हुबेई प्रांत में लागू लॉकडाउन को बुधवार से खत्म करने का एलान किया गया है।

By Ayushi TyagiEdited By: Publish:Tue, 24 Mar 2020 04:21 PM (IST) Updated:Tue, 24 Mar 2020 04:21 PM (IST)
Coronavirus: हुबेई में कल से खत्म होगा लॉकडाउन, वुहान में आठ अप्रैल से हटेगा प्रतिबंध
Coronavirus: हुबेई में कल से खत्म होगा लॉकडाउन, वुहान में आठ अप्रैल से हटेगा प्रतिबंध

बीजिंग, एजेंसियां। चीन ने हुबेई प्रांत में लागू लॉकडाउन को बुधवार से खत्म करने का एलान किया गया है। हालांकि प्रदेश की राजधानी वुहान में ये प्रतिबंध आठ अप्रैल से खत्म होंगे। वुहान ही वह शहर है, जहां पिछले साल दिसंबर में कोराना वायरस से संक्रमित पहला व्यक्ति मिला था। वुहान सहित पूरे हुबेई प्रांत में करीब 5.6 करोड़ लोग रहते हैं। गत 23 जनवरी से लागू लॉकडाउन के चलते इस प्रांत में आम लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा हुआ है।

सरकारी अखबार पीपुल्स डेली के मुताबिक वुहान को छोड़कर हुबेई प्रांत के अन्य शहरों में रहने वाले लोगों को बुधवार से आने-जाने की पूरी तरह छूट होगी। लेकिन इसके लिए लोगों को जारी हरे रंग का हेल्थ कोड अपने पास रखना होगा। सरकारी टीवी सीजीटीएन ने हुबेई हेल्थ कमीशन के हवाले से बताया है कि वुहान के लोगों को इस लॉकडाउन से आठ अप्रैल से छूट मिलेगी। वायरस संक्रमित लोगों की संख्या में कमी को देखते हुए स्थानीय अधिकारियों ने समय के साथ कड़े कदमों में छूट देने की बात कही है।

वुहान में सात और मौत

हुबेई प्रांत में वायरस संक्रमित सात और लोगों की मौत हुई है। सभी मौतें वुहान शहर में हुई हैं। हुबेई में कोरोना संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या 3,160 हो गई है। पूरे चीन में यह आंकड़ा 3,277 है। चीन में संक्रमण के 78 नए मामले भी सामने आए हैं। इनमें से 74 वह लोग हैं, जो दूसरे देशों से आए हैं। इस तरह दूसरे देश से आने वाले संक्रमित व्यक्तियों की संख्या 427 हो गई है। सोमवार शाम तक देश में संक्रमित लोगों की संख्या 81,171 थी। 4,735 लोगों का अभी इलाज चल रहा है जबकि 73,159 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

chat bot
आपका साथी